लखनऊ(हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली में एक बैठक आयोजित होने जा रही है। इस बैठक में सभी सहयोगी दलों को भी शामिल होना है। इस बैठक में हाल ही में एनडीए में शामिल हुए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हिस्सा लेंगे। यह जानकारी सुभासपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ अरविंद राजभर ने ट्वीट कर साक्षा की है।
अरविंद राजभर ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के साथ अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से मंगलवार को ट्वीट किया। इसमें उन्होंने बताया कि वे दिल्ली में होने वाली एनडीए की बैठक में शामिल होने के लिए लखनऊ एयरपोर्ट से प्रस्थान कर चुके हैं। इस पोस्ट के साथ उन्होंने पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के साथ अपनी फोटो भी साझा की है।
बीते दिनों गृहमंत्री अमित शाह से दिल्ली में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर मिले थे। इसके बाद वे भाजपा में शामिल हो गए। एनडीए का हिस्सा बनते ही ओम प्रकाश राजभर ने विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। यही नहीं उनका लोकसभा चुनाव में सपा का सफाया होने का भी दावा किया जा रहा है।
मोहित वर्मा/पदुम नारायण
