Friday, February 13, 2026
Homeमनोरंजन सुभाष घई की वजह से फिर साथ दिखे माधुरी-संजय दत्त, खलनायक 2...

 सुभाष घई की वजह से फिर साथ दिखे माधुरी-संजय दत्त, खलनायक 2 की चर्चा

बॉलीवुड में ऐसी कई फिल्में हैं, जो आइकॉनिक बन गई हैं। इसमें 90 के दशक की कई फिल्में शामिल हैं। आज भी वो फिल्में देखी जाती हैं। इन्हीं में से एक है ”खलनायक” जो 1993 में आई थी। इस फिल्म की वजह से संजय दत्त और माधुरी दीक्षित के रिश्ते पर चर्चा हुई। फैंस को उनकी केमिस्ट्री बहुत पसंद आई। बेशक असल जिंदगी में इनका प्यार परवान नहीं चढ़ सका लेकिन इस जोड़ी की चर्चा हमेशा होती रहती है। एक बार फिर ये जोड़ी सुभाष घई की वजह से दोबारा साथ नजर आई। इस मुलाकात की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

फिल्म निर्माता सुभाष घई और उनकी पत्नी मुक्ता घई ने हाल ही में अपनी शादी की सालगिरह मनाई। इस मौके पर उन्होंने मुंबई में एक डिनर पार्टी का आयोजन किया। इस मौके पर माधुरी दीक्षित, उनके पति श्रीराम नेने, जैकी श्रॉफ, संजय दत्त और अनुपम खेर साथ नज़र आए। संजय दत्त और माधुरी दीक्षित को एक साथ देखकर फैंस को यकीन ही नहीं हुआ। हर किसी को विलेन याद आ गया। डॉक्टर श्रीराम नेने ने इन तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा, ”ऐसे लोगों की वजह से ही समय खूबसूरती से गुजरता है।”

फिल्म ”खलनायक” को 30 साल पूरे हो गए हैं लेकिन फिल्म की यादें आज भी ताजा हैं। संजय दत्त और माधुरी को एक साथ देखकर फैंस रिएक्शन दे रहे हैं कि ”खलनायक 2” आनी चाहिए। एक यूजर ने कमेंट किया, ”गंगा, राम और बल्लू एक साथ, खलनायक 2!” इसी बीच अफवाह थी कि ”खलनायक 2” आएगी। हालांकि, अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

लोकेश चंद्र/दधिबल

RELATED ARTICLES

Most Popular