Friday, April 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसीसीटीवी और ड्रोन से की जाएगी कांवड़ यात्रा की निगरानी

सीसीटीवी और ड्रोन से की जाएगी कांवड़ यात्रा की निगरानी

मेरठ (हि.स.)। दो साल बाद होने जा रही कांवड़ यात्रा की तैयारियों को तेजी से पूरा किया जा रहा है। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और ड्राेन कैमरे से कांवड़ यात्रा से निगरानी रखी जाएगी। कांवड़ यात्रा के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।

कोरोना काल के कारण दो साल से कांवड़ यात्रा बंद थी। इस बार कांवड़ यात्रा को लेकर शिवभक्तों में गजब का उत्साह देखा जा रहा है। इसलिए पुलिस प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के लिए पुख्ता तैयारियां शुरू कर दी है। शिवभक्तों के लिए सड़कों को 10 जुलाई तक गड्ढा मुक्त करने का लक्ष्य तय किया गया है। जिलाधिकारी दीपक मीणा और एसएसपी रोहित सिंह सजवान लगातार बैठक लेकर कांवड़ यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे हैं। कांवड़ यात्रा पर सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों की मदद से निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए व्यवस्था बनाई जा रही है। कांवड़ शिविरों में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, कूड़ा उठान, पेयजल व्यवस्था, रेलिंग, नहर पटरी पर सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य शिविर, गोताखोर आदि व्यवस्थाओं को समय से पूरा किया जाएगा। यातायात व्यवस्था बनाने के लिए एसपी यातायात जेके श्रीवास्तव को निर्देश दिए गए हैं। कांवड़ यात्रा की तैयारियों के लिए सभी विभागों को माइक्रोप्लान बनाने को कहा गया है। जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाया जाएगा और इसमें अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। जगह-जगह स्वास्थ्य शिविर लगाने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular