जयपुर (हि.स.)। केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने शुक्रवार को 10वीं और 12वीं का परिणाम घोषित कर दिया है। 12वीं में अजमेर रीजन का परिणाम 89.27 प्रतिशत रहा। वहीं, 10वीं बोर्ड का रिजल्ट 97.27 प्रतिशत रहा। बारहवीं के परिणामों में देश के 16 रीजन में अजमेर का सातवां और दसवीं के परिणामों में चौथा नंबर है। अजमेर रीजन में गुजरात और राजस्थान के स्टूडेंट्स शामिल हैं।
बारहवीं कक्षा के परिणामों में पिछले साल के मुकाबले अजमेर रीजन का रिजल्ट करीब सात प्रतिशत कम रहा है। पिछले साल 12वीं का परिणाम 96.01 प्रतिशत रहा, जबकि इस साल 89.27 प्रतिशत रहा। दसवीं में पिछले साल रिजल्ट 98.14 प्रतिशत था। इस साल 1.13 प्रतिशत रिजल्ट कम रहा। सीबीएसई बोर्ड में कुल 38 लाख 83 हजार 710 स्टूडेंट्स परीक्षाओं में शामिल हुए थे। इनमें से 16 लाख 96 हजार 770 स्टूडेंट्स कक्षा 12वीं के रजिस्टर्ड थे। वहीं, 21 लाख 86 हजार 940 छात्र-छात्राएं कक्षा 10वीं के थे।
सीबीएसई अपने परिणाम घोषित कर चुकी है, जबकि राजस्थान बोर्ड के 10वीं-12वीं के बच्चे अपने रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं। यहां अब नतीजे घोषित करने की तैयारियां आखिरी चरण में हैं। राजस्थान बोर्ड के एडमिनिस्ट्रेटर और संभागीय आयुक्त बी.एल. मेहरा ने बताया कि बोर्ड सबसे पहले 12वीं साइंस का रिजल्ट जारी करेगा। इसके बाद कॉमर्स और आट्र्स। सबके बाद 10वीं परीक्षा का परिणाम जारी करेगा। राजस्थान शिक्षा बोर्ड की 10वीं-12वीं की परीक्षाओं के लिए 21 लाख 12 हजार 206 स्टूडेंट्स रजिस्टर्ड है। 12 वीं परीक्षा के साइंस, कॉमर्स और आट्र्स में 10 लाख 31 हजार 72 स्टूडेंट्स रजिस्टर्ड थे। आट्र्स में 7 लाख 20 हजार 933, साइंस में 2 लाख 80 हजार 10 और कॉमर्स में 29 हजार 45 स्टूडेंट्स पंजीकृत थे। जबकि 10वीं परीक्षा में 10 लाख 68 हजार 383 स्टूडेंट्स रजिस्टर्ड थे।
रोहित/ईश्वर
