लखनऊ। कृष्णानगर पुलिस ने गुरुवार को सीबीआई का निरीक्षक बनकर लोगों से धन उगाही करने वाले शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है। आरोपित के पास से 15 अलग-अलग विभागों के फर्जी मुहर बरामद हुए हैं।
प्रभारी निरीक्षक इंस्पेक्टर कृष्णा नगर डीके उपाध्याय ने बताया कि पकड़ा गया आरोपित के मुताबिक मूलरूप से बक्सर बिहार का रहने वाला अशोक कुमार श्रीवास्तव को फिनिक्स मॉल के पास से दबोचा है।
आरोपित अशोक खुद को सीबीआई और आईबी और एंटी करप्शन का अधिकारी बताता था और लोगों को नौकरी दिलाने, अलग-अलग मामलों में सत्यापन कराने और मुकदमों में लोगों को क्लीन चिट दिलाने का झांसा देता था। आरोपित अशोक लंबे समय से लखनऊ में रह यह जालसाजी कर रहा था।
प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि आरोपित अशोक ने राजधानी के 20 से अधिक लोगों को झांसे में लेकर उनसे मोटी रकम वसूली है। पीड़ितों के बारे में जानकारी कर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। साथ उसके साथ इस काम में और कौन-कौन शामिल है इसके बारे में भी पता लगाया जायेगा।
