सीतापुर (हि.स.)। सेउता विधायक ज्ञान तिवारी की अपने क्षेत्र को बाढ़ से बचाने की मुहिम रंग लायी है। विधानसभा क्षेत्र को बाढ़ से मुक्ति दिलाने को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक ज्ञान तिवारी की पहल पर तहसील महमूदाबाद व बिसवां की तीन परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की है। बाढ़ सुरक्षा की यह परियोजनाएं इन क्षेत्रों में आने वाली बाढ़ के स्थाई समाधान में मील का पत्थर साबित होगी। अब आशा जताई जा रही है कि 38 करोड़ की इन परियोजनाओं पर बहुत जल्द ही काम शुरू हो जाएगा और इस वर्ष बाढ़ आने से पहले इन परियोजनाओं का काम पूरा करा लेने का प्रयास किया जाएगा। 2017 में विधायक ने मुख्यमंत्री को सौंपा था ज्ञापन
विधायक ज्ञान तिवारी ने निर्वाचित होते ही क्षेत्र की जनता को आश्वासन दिया था कि उनकी पहली प्राथमिकता अपने विधानसभा को बाढ़ से मुक्ति दिलाने की रहेगी। इसी के तहत 2017 में विधायक की गुजारिश पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रेउसा क्षेत्र के मारूबेहड़ गांव में आए। इस दौरान उन्होंने बाढ़ के स्थाई समाधान का भरोसा दिलाया था। मुख्यमंत्री अपने वादे को पूरा करते हुए अभी तक बाढ़ सुरक्षात्मक परियोजनाओं को दनादन मंजूरी देते रहे।
अब तक करीब 1 अरब रुपए की परियोजनाओं को मंजूरी मिली है, जिन पर काम चल रहा है। अब विधायक ने 38 करोड़ की तीन अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं को नए वर्ष में मंजूरी दिलाई है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से दर्जनों गांव बाढ़ की विभीषिका से मुक्ति पा सकेंगे। रामपुर मथुरा इलाके में 2 परियोजनाएं व रेउसा इलाके में एक परियोजना को मंजूरी मिली है। इन परियोजनाओं का काम शारदा, सरयू नदी पर किया जाएगा।
मालूम हो बाढ़ का दंश यह क्षेत्र वर्षों से झेलते चले आ रहा है। विधायक ज्ञान तिवारी जब विधायक नहीं थे तभी से बाढ़ की समस्या के समाधान को लेकर बाढ़ मुक्ति आंदोलन चलाते चले आ रहे हैं। उस दौरान विधायक ने जिला मुख्यालय पर क्रमिक धरना 10 दिन दिया था। जिसमें तत्कालीन भाजपा के प्रदेश स्तर के नेता शामिल हुए थे। इस धरने के बाद विधायक ने बाढ़ पीड़ितों के साथ लखनऊ तक पैदल मार्च निकाला था और तत्कालीन राज्यपाल बीएल जोशी को बाढ़ के स्थाई समाधान को लेकर एक मांग पत्र भी दिया था। जिस पर तत्कालीन राज्यपाल ने भारत सरकार व प्रदेश सरकार को पत्र लिखा था। वर्ष 2017 में विधायक निर्वाचित होने के बाद विधायक ज्ञान तिवारी ने बाढ़ के स्थाई समाधान को लेकर प्रयास शुरू किया। अब तक एक अरब की परियोजनाओं पर काम चल रहा है या पूर्ण हुआ है। वही अब 38 करोड़ की इन तीन परियोजनाओं के स्वीकृत हो जाने से बाढ़ के स्थाई समाधान का उनका प्रयास सार्थक साबित हो सकेगा।
विधायक ज्ञान तिवारी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में नदियों के बीच में ड्रेजिंग व रेगुलेटर को लेकर विभागीय मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह से वार्ता हुई है। बजट की कमी की वजह से इस पर धन आवंटन नहीं हो सका है। उन्होंने इन पर कार्य कराने की सहमति दी है। उम्मीद है आने वाले समय में यह कार्य हो जाने से नदियों का रुख ही बदल जाएगा। विधायक ने बताया कि बाढ़ का स्थाई समाधान उनकी सर्वोच्च व पहली प्राथमिकता अपने विधानसभा की है। जिस पर काफी काम हुआ है। आने वाले दिनों में इससे प्रभावित लोगों को बसाने उनको रोजगार देने के साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित कराने को लेकर अभियान चलाकर काम किया जाएगा।
विधायक ने बताया रामपुर मथुरा इलाके की 2 परियोजनाओं का कार्य बाढ़ खंड बाराबंकी करेगा व रेउसा इलाके की परियोजना का काम बाढ़ खंड सीतापुर करेगा। इन परियोजनाओं के पूरा हो जाने से दर्जनों गांव लोधनपुरवा, भुरजिनपुरवा, जटपुरवा, अंगरौरा, अखरी, बगस्ती आदि बाढ़ से मुक्ति पा सकेंगे।
