-उप्र के कुलाधिपति को भेजा पत्र
कानपुर (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के कुलपति प्रो. विनय पाठक को हटाये जाने की मांग को लेकर अब शिक्षक संघ के नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। संघ के नेताओं ने कुलाधिपति राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को ईमेल से पत्र भेजा है।
राज्यपाल को भेजे गए पत्र में शिक्षकों ने विवि में प्रशासनिक अधिकारियों को नीतिगत निर्णय लेने में आ रही समस्याओं से अवगत कराया है। इसके साथ ही कुलपति को पदमुक्त करने की मांग की है।
उप्र स्ववित्त पोषित महाविद्यालय एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय त्रिवेदी ने रविवार को कुलाधिपति को भेजे पत्र में लिखा कि कुलपति प्रो. विनय पाठक करीब एक माह से विश्वविद्यालय नहीं आ रहे हैं। इससे विश्वविद्यालय में नीतिगत निर्णय नहीं हो पा रहे हैं। विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों व विश्वविद्यालय से शिक्षा ग्रहण कर रहे करीब छह लाख विद्यार्थियों पर भी गलत प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में कुलपति के पद पर वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।
दूसरी तरफ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.विनय कुमार पाठक के मामले को लेकर शिक्षा विभाग के लोग सड़क पर उतरने लगे हैं। डिग्री कॉलेज संघ के लोगों ने फूलबाग चौराहे पर धरना देकर प्रोफेसर विनय पाठक को जल्द से जल्द पद से हटा कर बड़ी कार्यवाही करने की मांग की है।
राम बहादुर
