कानपुर (हि.स.)। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर (सीएसए) के खाद्य और पोषक विज्ञान विभाग की एमएससी की एक छात्रा ने एक वर्ष के अथक प्रयास व शोध के बाद, ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर जैसे मरीजों के लिए मिलेट्स के प्रयोग से लड्डू एवं बिस्कुट, खीर और पंजीरी तैयार की है। यह जानकारी बुधवार को विश्वविद्यालय की प्रो. विनीता सिंह ने दी।
प्रो. विनीता सिंह ने बताया कि चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के खाद विज्ञान और पोषक विभाग से एमएससी कर रही छात्रा श्रेया श्रीवास्तव ने मिलेट्स अर्थात मोटे अनाजों का प्रयोग करके स्वादिष्ट लड्डू और बिस्कुट तैयार किया है।
नमक,शक्कर एवं मैदा बिहीन बनाए गए है लड्डू व बिस्कुट
एमएससी की छात्रा श्रेया श्रीवास्तव का कहना है कि मोटे अनाजों के सहयोग से तैयार किए गए लड्डू व बिस्कुट शुगर, ब्लड पेशर के रोगियों के लिए अत्याधिक फायदेमंद है। इसके अतिरिक्त मोटापा एवं हायपरटेंशन से पीड़ित रोगियों के लिए भी यह फायदेमंद साबित होगा। लड्डू एवं बिस्कुट तैयार करने में मोटा अनाज बाजरा, रागी, चना, ज्वार, आंवला और गुड़ आदि का प्रयोग करके तैयार किया गया है।
श्री अन्न का लोग पहले नहीं समझते थे महत्व
देश के प्रधानमंत्री ने पहले मोटे अनाजों (मिलेट्स) को ‘श्री अन्न’ नाम दिया है। फिट इंडिया योजना के बाद लोग मोटे अनाजों के प्रति जागरूक हो गए हैं। मोटे अनाज से दलिया, डोसा, रोटी तैयार कर सकते हैं।
पोषक तत्वों से भरपूर है श्री अन्न
सीएसए के खाद्य विज्ञान और पोषक विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. विनीता सिंह ने बताया कि श्री अन्न के खाद्य पदार्थों में पोषक तत्वों का भंडार है। इसमें विटामिन B3, B6, फास्फोरस, मैग्नीशियम, पोटेशियम, कैल्शियम, आयरन, जिंक, फाइबर आदि प्रचुर मात्रा में मिलता है। यह शरीर को स्वस्थ रखने और ऊर्जा बनाए रखने में काफी सहयोग करता है। इनके उपयोग से आपका चेहरा हमेशा निखरा हुआ और चमकता नजर आएगा।
कैंसर रोगों से लड़ने की क्षमता प्रदान करते हैं श्री अन्न
डॉ. सिंह ने बताया कि श्री अन्न कैंसर जैसे रोगों से लड़ने की क्षमता प्रदान करते हैं। देश में जब कोरोना फैला था तो लोगों ने मोटे अनाज का प्रयोग अधिक किया था क्योंकि यह आपकी शारीरिक क्षमता को मजबूत करता है।
राम बहादुर/पदुम नारायण
