Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसीएम योगी महिला और दलितों के साथ सफाई कर्मियों के भी विरोधी...

सीएम योगी महिला और दलितों के साथ सफाई कर्मियों के भी विरोधी : अजय लल्लू

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के साथ महर्षि वाल्मीकि प्रतिमा को किया साफ, श्रमदान

वाराणसी (हि.स.)। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की रैली की तैयारियों पर नजर रखने के लिए शहर में डेरा डाले पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह लल्लू ने लगातार दूसरे दिन शनिवार को भी प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। छावनी क्षेत्र स्थित महर्षि वाल्मीकि प्रतिमा की साफ—सफाई के कार्यक्रम में कार्यकर्ताओ के साथ श्रमदान कर सफाई कर्मी को भी प्रदेश अध्यक्ष ने सम्मानित किया।

इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति खासे आक्रामक तेवर में दिखे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री महिला और दलितों के साथ सफाई कर्मियों के भी विरोधी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान ‘प्रियंका गांधी सफाई करने के ही योग्य हैं’ पर पलटवार कर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उनका बयान शर्मनाक है। इस बयान से उन्होंने रोजाना अपने घरों में झाड़ू लगाने वाली माताओं-बहनों के साथ ही गांवों-शहरों में सार्वजनिक स्थान पर सफाई करने वाले दलित भाइयों का अपमान किया है। कांग्रेस पार्टी आज झाड़ू लगाकर यह प्रदर्शित करने का काम रही है कि हम इस काम को भी सम्मान और स्वाभिमान मानते हैं। अजय सिंह लल्लू ने कहा कि सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए हम इसी झाड़ू के सहारे इस सरकार को उखाड़ कर फेंक देंगे। योगी आदित्यनाथ दोबारा मुख्यमंत्री नहीं बन सकते उनको मठ में जाना है । लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में आरोपी केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष की गिरफ्तारी से जुड़े सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार ढुलमुल रवैया अपना रही है। मेरा सवाल है कि छोटे-छोटे मामलों में बुलडोजर चलवा देने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कब अजय मिश्रा टेनी के घर पर बुलडोजर चलवाएंगे। हत्यारोपी आशीष का पोस्टर मुख्यमंत्री कब जारी कराएंगे। हत्या की धारा में दर्ज मुकदमे में पुलिस का ऐसा रवैया हमने पहली बार देखा है। यह बेहद ही दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है।

इसके पहले बीती शाम भी उन्होंने मणिकर्णिकाघाट पर पार्टी के नेताओं के साथ झाडू लगाकर प्रदेश सरकार को खरी खोटी सुनाई थी।

प्रियंका गांधी के प्रतिज्ञा रैली का नाम बदला

रोहनिया जगतपुर इंटर कॉलेज के खेल मैदान में रविवार को आयोजित प्रियंका गांधी के प्रतिज्ञा रैली का नाम बदल कर किसान न्याय रैली कर दिया गया है। उधर,आल इंडिया यूनाइटेड विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव अशोक कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि किसान न्याय रैली में वाराणसी सहित आसपास के जनपदों से विश्वकर्मा समाज के पांच हजार लोगों की सहभागिता होगी। इस अवसर पर रैली की मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश के प्रियंका गांधी वाड्रा को विश्वकर्मा शिल्पकार समाज की ओर से पगड़ी, स्वर्ण मुकुट,अंगवस्त्रम, भगवान विश्वकर्मा का चित्र, एवं काष्ठ का हथौड़ा भेटकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में यह रैली बदहाल उत्तर प्रदेश की राजनीति में लोक कल्याणकारी एवं विकास के मुद्दों पर बड़े बदलाव की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular