– शहर के बाहरी हिस्से में शिफ्ट होगा जिला कारागार, वर्तमान जेल ही बनेगी सेनानियों का स्मारक
– बलिया बलिदान दिवस समारोह में बोले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
बलिया (हि. स.)। आजादी की लड़ाई के दौरान कुछ दिनों के लिए 1942 में सबसे पहले आजाद हुए बलिया के ऐतिहासिक बलिदान दिवस के अवसर पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई बड़ी सौगातों की घोषणा की। उन्होंने बलिया में मेडिकल कॉलेज की स्थापना और जिला कारागार को बाहरी हिस्से में शिफ्ट कर वर्तमान जिला जेल को सेनानियों का स्मारक बनाने की घोषणा की।
शुक्रवार पूर्वाह्न बलिया पुलिस लाइन में आयोजित ”बलिया बलिदान दिवस” समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पांच साल से मेडिकल कॉलेज के जमीन मांग रहा हूं लेकिन मिल नहीं रही है। तीन साल पहले ही यह काम हो जाना चाहिए था। जिले में मेडिकल कॉलेज के लिए प्रतिबद्धता दर्शाते हुए सीएम योगी ने कहा कि मुख्य सचिव यहीं बलिया में ही पढ़े-बढ़े हैं। आज इस काम के लिए उन्हें साथ लेकर आया हूं। आज मेडिकल कॉलेज की सौगात देकर जाऊंगा।
सीएम योगी यहीं नहीं रुके। उन्होंने ने कहा कि हमें विकास के नए आयामों से बलिया को एक नई ऊंचाई पर पहुंचाना है। इसी के तहत अनेक कार्य भी हो रहे हैं। बलिया लिंक एक्सप्रेसवे से दो से ढाई घंटे में लखनऊ पहुंचा जा सकेगा। परिवहन मंत्री बलिया से हैं, ऐसे में यहां के बस स्टेशन को एयरपोर्ट जैसा बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं को सुन कर जनसभा में जुटी भीड़ गदगद नजर आई। इस अवसर पर समारोह के संयोजक एवं प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी, मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र, सांसद वीरेंद्र सिंह, नीरज शेखर, रविंद्र कुशवाहा, विधायक केतकी सिंह, एमएलसी रविशंकर सिंह पप्पू, पूर्व सांसद भरत सिंह, पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी, पूर्व विधायक आनंद स्वरूप शुक्ला, संजय यादव आदि भी उपस्थित रहे।
बलिया के क्रांति ज्वाला की लिखी जाए गाथा
बलिया बलिदान दिवस पर मुख्यमंत्री ने यहां के शिक्षकों व पूर्व शिक्षकों से अपील किया कि वे यहां के गांवों, कस्बों, गलियों में फूटी क्रांति ज्वाला की गाथा लिखें। सरकार उसे पुस्तक के रूप में प्रकाशित करेगी। योगी ने कहा कि देश की आजादी के लिए हर जाति, मत, मजहब के लोग साथ मिलकर लड़े थे। सरकार भी इसी के अनुरूप सबको साथ लेकर चल रही है।
मुख्यमंत्री से संवाद कर भावुक हुए सेनानी परिजन
बलिदान दिवस पर आए सीएम योगी आदित्यनाथ ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों से मुलाकात की। मंच पर उन्हें सम्मानित किया आत्मीय संवाद कर उनका कुशलक्षेम पूछा। बात करके यह आश्वस्ति ली कि उन्हें कोई परेशानी तो नहीं। सीएम की आत्मीयता देख सेनानी परिजन भाव विह्वल हो गए। सीएम के जाने के बाद भी देर तक उनकी सहृदयता की सराहना करते रहे।
पंकज
