Saturday, March 28, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडलसीएम योगी की मौजूदगी में राजनाथ और गडकरी की लखनऊ को 3300...

सीएम योगी की मौजूदगी में राजनाथ और गडकरी की लखनऊ को 3300 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

लखनऊ (हि.स.)। केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ, केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को यहां संयुक्त रूप से 3300 करोड़ से अधिक के निवेश से दो राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं लखनऊ-सीतापुर खंड के मड़ियांव आईआईएम क्रॉसिंग पर चार लेन एलिवेटेड कॉरिडोर एवं अलीगढ़-कानपुर खंड के नवीगंज से मित्रसेन पुर का चार लेन चौड़ीकरण के लोकार्पण के साथ ही लखनऊ जिले के लिए 475 करोड़ की 164 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

आईआईएम रोड स्थित महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आज हमारा लखनऊ तेजी से विकास कर रहा है। लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश का जो नया अध्याय लिखा जा रहा है, उसमें प्रधानमंत्री मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मिशन का भरपूर योगदान है। मुख्यमंत्री योगी ने एक नया उत्तर प्रदेश बनाने का लक्ष्य रखा है। उसे पूरा करने में वह पूर्ण मनोयोग के साथ लगे हुए हैं। योगी उत्तर प्रदेश की एक ट्रिलियन डॉलर इकोनामी का जो लक्ष्य रखा है, मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि हमारे उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था एक ट्रिलियन डॉलर इकोनामी होकर रहेगी।

2024 तक उप्र में पांच लाख करोड़ की परियोजनाएं हों जाएंगी पूरी : गडकरी

केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि 2024 तक हम उत्तर प्रदेश में पांच लाख करोड़ का काम कर चुके होंगे। 2014 के पहले मैं उत्तर प्रदेश में चुनावी दौरे पर था। मेरे काफिले के आगे एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर अपनी पत्नी को बिठाए ले जा रहा था। उसने पीछे मुड़कर देखा। साथ में बैठे कार्यकर्ता ने कहा कि वह आपको देख रहा है। मैंने कहा कि वह मुझे नहीं देख रहा है। सड़कों में इतने गडढे हैं कि वह देख रहा है कि उसकी पत्नी पीछे बैठी है या गिर गयी। 2014 में देश में नरेन्द्र मोदी और 2017 में उप्र में योगी आदित्यनाथ की सरकार आई। उसके बाद से सड़कें ठीक हुईं। कानपुर लखनऊ के बीच पांच हजार करोड़ का ग्रीन एक्सप्रेस-वे बना रहा हूं। उन्होंने उप्र के लिए केन्द्र की परियोजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि योगी के नेतृत्व में उप्र बेहतरीन कार्य कर रहा है। इसके अलावा गडकरी ने अपने भाषण के दौरान उत्तर प्रदेश के लोगों को सपने भी दिखाए। साथ ही कहा कि राजनाथ सिंह का यह संसदीय क्षेत्र है। वह जो भी कहेंगे, सब पूरा करूंगा।

लखनऊ में बन रही मिसाइल दुश्मनों के दांत खट्टे करेगी : योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2014 के पहले वही सड़क परियोजनाएं आगे बढ़ पा रही थीं जिसे अटल जी ने आगे बढ़ाया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नितिन गडकरी ने सड़कों और हाइवे का जाल बिछाया है। ब्रह्मोस सुपरसोनिक जैसी मिसाइल का निर्माण लखनऊ में हो रहा है। लखनऊ की मिसाइलें दुश्मनों के दांत खट्टे कर देंगी। मोदी सरकार से पहले किसानों का शोषण होता था। भ्रष्टाचार चरम पर था। आज पारदर्शी व्यवस्था के चलते किसानों को समय से लाभ मिल रहा है।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केन्द्रीय राज्य मंत्री जनरल वीपी सिंह, कौशल किशोर, यूपी के लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद, पूर्व मंत्री मोहसिन रजा, सांसद अशोक बाजपेयी, सुब्रत पाठक, स्थानीय विधायक नीरज बोरा, योगेश शुक्ला, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

दिलीप शुक्ल/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular