गोरखपुर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा तीन बड़ी परियोजनाओं के उद्घाटन के पूर्व ट्वीट किया। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा कि अब गोरखपुर, विकास के नए क्षितिज पर है। उन्होंने अपने अलग-अलग ट्वीट्स में गोरखपुर फर्टिलाइजर, एम्स और बाबा राघवदास (बीआरडी) मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के रीजनल मेडिकल रिसर्च सेंटर के लोकार्पण का जिक्र किया है।
मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शिव अवतारी महायोगी बाबा गोरखनाथ जी की तपोभूमि गोरखपुर में लगभग 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न लोक-कल्याणकारी विकास परियोजनाओं को लोकार्पित कर राष्ट्र को समर्पित करेंगे। सीएम ने इन विकास परियोजनाओं का ब्यौरा भी दिया।
सीएम ने अपने ट्वीट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गोरखपुर में 600 एकड़ में विस्तृत, 08 हजार,603 करोड़ लागत से निर्मित खाद कारखाने को आज राष्ट्र को समर्पित करेंगे। विगत 31 वर्षों से बंद पड़े इस कारखाने के प्रारंभ होने से सालाना 12.7 एलएमटी उर्वरक का उत्पादन होगा। बड़े पैमाने पर रोजगार भी सृजित होगा।
एम्स की स्थापना का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा है कि जिस एम्स की आधारशिला 2016 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रखी थी, आज 112 एकड़ में विस्तृत, 01 हजार,011 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित है। उसी एम्स का लोकार्पण प्रधानमंत्री के कर-कमलों से हो रहा है। आगे उन्होंने अपने ट्वीट में कहा कि यह एम्स उत्तर प्रदेश बिहार सहित नेपाल को भी उच्च-स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
आरएमआरसी के विषाणुजनित रोगों पर शोध केन्द्र होने साथ ही यहां ट्रेनिंग की भी सुदृढ़ सुविधा होने की बात सीएम ने कही है। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज बाबा राघवदास मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर के रीजनल मेडिकल रिसर्च सेंटर का लोकार्पण भी कर रहे हैं। इससे न सिर्फ उत्तर प्रदेश, बल्कि बिहार की बड़ी आबादी भी लाभान्वित होगी।
आमोद
