गोरखपुर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रदेशवासियों को होली की बधाई दी। उन्होंने कहा कि होली का पावन पर्व बैर-भाव भुलाकर उत्साह और उमंग से आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। हताशा और निराशा में कोई जीवन नहीं होता। बुराई त्याग कर हम जीवन में उत्साह और उमंग की तरफ बढ़ सकते हैं।
इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद बच्चों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक और खास तोहफा दिया। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देशित किया कि आज इन सभी बच्चों को नाश्ता कराने के बाद गोरखपुर चिड़ियाघर का भ्रमण कराया जाए। सीएम की इस घोषणा पर बच्चे खुशी से झूम उठे और उन्होंने जोरदार तालियों से सीएम के प्रति आभार जताया। उन्होंने बच्चों को पर्यावरण व जीव संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि मानव के साथ ही जीव जंतुओं से सृष्टि की रचना हुई है। पेड़ पौधों और जीव जंतुओं की रक्षा करना हम सबका दायित्व है। चिड़ियाघर घूमने से आप सबका मनोरंजन के साथ ज्ञानवर्धन भी होगा।
बच्चों से आत्मीय संवाद किया, पूछा, कोई दिक्कत तो नहीं
मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को लैपटॉप वितरण के दौरान सीएम योगी ने एक अभिभावक की तरह उनसे आत्मीय संवाद किया। पूछा, कोई दिक्कत तो नहीं। छात्रवृत्ति का पैसा मिलने में कोई समस्या तो नहीं आ रही। पढ़ाई कैसी चल रही है। बच्चों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि खूब पढ़िए और आगे बढ़िए। सरकार हर वक्त आपके साथ खड़ी है। उन्होंने अपने हाथों से 10 बच्चों को लैपटॉप, दो को प्रमाण पत्र, दो महिला मंगल दलों को स्पोर्ट्स किट, मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहन राशि का चेक सौंपा। सभी को मिष्ठान भी दिया गया।
स्टालों का अवलोकन किया
सीएम योगी ने कार्यक्रम स्थल के बाहरी परिसर में बेसिक शिक्षा विभाग, बाल विकास परियोजना आदि के स्टालों का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने गोदभराई व बच्चों को अन्नप्राशन भी कराया। साथ ही बेसिक स्कूलों के बच्चों से बात कर उन्हें उपहार प्रदान किया।
डा. आमोदकांत
