Thursday, February 19, 2026
Homeराज्यसीएए विरोधी प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग करने वाला गिरफ्तार

सीएए विरोधी प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग करने वाला गिरफ्तार

नई दिल्ली । गुरुग्राम के पटौदी में चार जुलाई लव जिहाद और धर्मांतरण को लेकर बुलाई गई एक महापंचायत में भड़काऊ भाषण देने वाले राम भक्त गोपाल को गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी राम भक्त को पुलिस द्वारा सोमवार कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। गोपाल पर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी के बाहर प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग करने का भी आरोप है। गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रविवार को विभिन्न धाराओं में पटौदी थाने में मामला दर्ज किया था। गांव जमालपुर निवासी दिनेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका खुद का कारोबार है। उन्होंने बताया कि चार जुलाई को पटौदी के रामलीला मैदान में महापंचायत का आयोजन हुआ था। महापंचायत में गोपाल शर्मा उर्फ राम भक्त गोपाल ने भड़काऊ भाषण दिया था। उनको आशंका है कि भड़काऊ भाषण से दंगे भड़क सकते हैं और कानून-व्यवस्था भी खराब हो सकती है। महापंचायत में उसका भाषण धार्मिक भावनओं को भड़काने वाला था। उसका भाषण सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। शिकायत में आरोपी के सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे भड़काऊ भाषण की क्लिप का लिंक भी पुलिस को दिया गया है। गौरतलब है कि चार जुलाई को पटौदी के रामलीला मैदान में लव जिहाद और धर्मांतरण को लेकर महापंचायत हुई थी। महापंचायत में सैकड़ों लोग मौजूद थे और दिल्ली-एनसीआर से भी काफी लोग शामिल होने के लिए आए थे। हरियाणा भाजपा के प्रवक्ता और करणी सेना के अध्यक्ष सूरज पाल अम्मू ने भाग लिया था। पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन ने बताया कि आरोपी राम भक्त गोपाल को गिरफ्तार कर लिया है और कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। राम भक्त गोपाल वही युवक है जिसने 2020 में जामिया मिलिया इस्लामिया में सीएए विरोधी प्रदर्शनकारियों के एक समूह पर पिस्तौल तान दी थी, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया था। उसके खिलाफ आईपीसी के विभिन्न प्रावधानों जिनमें धारा 153 ए (धर्म, जाति, जन्म स्थान के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) और 295 ए (जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्यों का इरादा) शामिल है। किसी भी वर्ग के धर्म या धार्मिक विश्वासों का अपमान करके उसकी धार्मिक भावनाओं को आहत करना) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular