Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसिराथू से केशव मौर्य को प्रत्याशी बनाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी...

सिराथू से केशव मौर्य को प्रत्याशी बनाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर

योगी एवं केशव मौर्य के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत के साथ हम पुनः सरकार बनाएंगें : महानगर अध्यक्ष

प्रयागराज (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के घोषित 107 उम्मीदवारों की पहली सूची में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को सिराथू विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बनाए जाने से भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। कार्यकर्ताओं ने भाजपा सिविल लाइन कार्यालय में जमकर आतिशबाजी करते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाते हुए उप मुख्यमंत्री मौर्य को जीत की अग्रिम शुभकामनाएं दी।

भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास पुरुष एवं कौशाम्बी में प्रयागराज के लाल केशव प्रसाद मौर्य को सिराथू से टिकट मिलने पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं सिराथू विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं में हर्षोल्लास का वातावरण है। उन्होंने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में उप मुख्यमंत्री मौर्य के अध्यक्षीय कार्यकाल में उनके नेतृत्व में प्रदेश में भाजपा ने प्रचंड बहुमत के साथ विजय प्राप्त करके सरकार बनाई थी। उन्होंने 2012 के विधानसभा चुनाव में सिराथू विधानसभा में पहली बार कमल खिलाने का कार्य किया था। पुनः एक बार 2022 की विधानसभा चुनाव में कमल खिलाकर और पूरे उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा सरकार बनाएगी।

इस अवसर उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा मुख्यमंत्री आदित्यनाथ को गोरखपुर विधानसभा क्षेत्र से एवं उप मुख्यमंत्री मौर्य को सिराथू से प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर आभार प्रकट करते हुए जीत की अग्रिम शुभकामनाएं दी। इस दौरान क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, पार्षद पवन श्रीवास्तव समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने खुशी मनाते हुए जीत की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

विद्या कान्त

RELATED ARTICLES

Most Popular