– घटनास्थल पर इकट्ठा हुई भीड़ ने सिपाही को दौड़ाकर पकड़ा, कार में जमकर की तोड़फोड़
मुरादाबाद (हि.स.)। जनपद रामपुर से चुनावी ड्यूटी करके लौट रहे एक सिपाही की कार कटघर थाना क्षेत्र स्थित कोहिनूर तिराहे के पास रात्रि करीब साढ़े नौ बजे बाइक सवार से टकरा गई। हादसे में दंपति समेत तीन लोग घायल हो गए। टक्कर लगते ही सिपाही मौके से भाग निकला। मौके पर इकट्ठा हुई भीड़ ने सिपाही को दौड़ाकर पकड़ लिया और कार में जमकर तोड़फोड़ की। सिपाही के साथ भी मारपीट की और मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया। घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने तोड़फोड़ करने वाले कुछ युवकों को हिरासत में लिया।
हापुड़ जनपद के एसपी कार्यालय में सिपाही सौरभ कुमार रिट सेल में तैनात हैं। सोमवार को उनकी चुनाव ड्यूटी रामपुर में लगी थी। शाम को ड्यूटी करने के बाद वह अपने तीन साथियों के साथ वापस कार से हापुड़ लौट रहे थे। मुरादाबाद में कोहिनूर तिराहे से आगे इस्लाम नगर की पुलिया के पास सिपाही की कार से बाइक सवार करुला निवासी फर्म कर्मी जुनेद पत्नी लावा और बेटी हुदा को टक्कर लग गई। इस दौरान तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। कार सवार सिपाही भीड़ को आता देख कार तेजी के साथ भगाने लगे। इसी दौरान कुछ युवकों ने बाइक से पीछा करके सम्भल चौराहे के पास कार को घेर लिया। इस दौरान पीछे बैठे सिपाही दरवाजा खोलकर भाग गएए जबकि पीछा कर रहे युवकों ने सिपाही सौरभ पिटाई कर दी। इसके बाद उसकी गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की। चौराहे पर करीब 15 मिनट तक हंगामा होता रहा। इस दौरान सूचना मिलने पर डायल 102 की गाड़ी पहुंची। उन्होंने सिपाही को भीड़ के चंगुल से छुड़ाने के साथ ही मारपीट करने वाले कुछ युवकों को थाने लेकर पहुंचे। कटघर थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि पूरी घटना की जानकारी की जा रही है। जो तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं सिपाही के साथ मारपीट करने के साथ गाड़ी तोड़ने का वीडियो तेजी के साथ वायरल हुआ।
निमित जायसवाल
