लखनऊ(हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी के महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा कि उप्र सरकार के मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह बड़े ही विचलित और परेशान प्राणी हैं। उनसे कुछ पूछने जाइये तो वह उसके बारे में ना बताकर कुछ दूसरा ही बोलते हैं। लखीमपुर में लोगों की मृत्यु हो गयी है, वह कह रहे हैं पर्यटन में जा रहे हैं। सिद्धार्थनाथ सिंह वहां पर्यटन के लिए ना जायें, संवेदना के लिए ही चले जाएं।
सतीश चंद्र मिश्रा ने लखीमपुर रवाना होने से पहले माल एवेन्यू स्थित अपने आवास के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सिद्धार्थनाथ सिंह को सरकार ने किनारे किया हुआ है, इसका ये मतलब नहीं है कि वो दुखी होकर इस तरह के व्यक्तव्य दें। इस तरह के मामले में उन्हें थोड़ा गंभीर होना चाहिए।
बसपा महासचिव ने कहा कि लखीमपुर में जिन परिवारों की क्षति हुई है, उन परिवारों से मिलने जा रहे हैं। व्यक्तिगत रुप से हम उसी दिन जाना चाहते थे, लेकिन नहीं जाने दिया गया।
वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि जिस घटना के सभी वीडियो सामने आ गये हैं। एक नहीं, कई वीडियो सामने आये हैं। इसमें एक वीडियो में वाहनों से कुचलते हुए किसानों को देखा गया है। जिसमें बिना हार्न बजाये या किसी को चेतावनी दिये हुए, वहां कुचला गया है। ये हत्या है। इसमें प्रदर्शनी किसान मर गये हैं और कई गंभीर घायल भी है।
आगे कहा कि ऐसी स्थिति में भी उप्र सरकार कह रही है कि हमारी पुलिस यह नहीं तय कर पा रही है कोई दोषी है या नहीं। इससे साफ जाहिर होता है कि मामले में सरकार के बड़े लोगों का जुड़ाव है, इसलिए हीलाहवाली हो रही है।
कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने स्वयं संज्ञान ले लिया है और जो मैटर है उसे ले भी रहे हैंं। अब सभी लोगों को उम्मीद बन रही है कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय जब अपनी निगरानी में मामले को देखेगा, तभी न्याय होगा।
कहा कि ये कांग्रेस और अन्य पार्टियां करती होगी, कौन आगे पहुंचा और कौन बाद में। हमारे बसपा कार्यकर्ता जो लखीमपुर में हैं, वो पहले दिन से ही किसानों के साथ खड़े हैं। आज वह लखीमपुर जा रहे हैं।
