Friday, March 6, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगर : वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज की नीति पर तेजी से...

सिद्धार्थनगर : वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज की नीति पर तेजी से हो रहा है काम-योगी

सिद्धार्थनगर/अयोध्या । प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि सरकार नागरिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए कटिबद्ध है और चिकित्सा व्यवस्था को और मजबूत करने के प्रयास के तहत वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज की नीति पर तेजी से काम कर रही है। रविवार को पहले सिद्धार्थनगर और उसके बाद अयोध्या में निर्माणाधीन मेडिकल कालेजों का निरीक्षण करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सभी जिलों में मेडिकल कालेज हों इसकी नीति सरकार तय कर रही है।
सिद्धार्थनगर में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकार ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’ की नीति पर तेजी से कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार के पांच वर्ष पूरे होने तक सभी जिलों में मेडिकल कालेज कालेज स्थापित हो जायेगे। सिद्धार्थनगर में अक्टूबर तक मेडिकल कालेज शुरू हो जाएगा। 300 बेड तैयार है और 100 छात्रों की पढ़ाई शुरू होगी। माधव बाबू के नाम से यहां का मेडिकल कालेज होगा। अन्य जिलों के मेडिकल कालेजों का भी नामकरण किया गया है। प्रदेश में तेजी से 59 जिलों में न्यूनतम एक मेडिकल कॉलेज क्रियाशील हो रहे हैं बाकी 16 जिलों में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे।
वहीं अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पहले हम राज्य के बाहर परीक्षण जांच के लिए सैंपल भेजते थे, लेकिन आज हमारे पास तीन लाख से अधिक सैंपल की जांच करने की क्षमता है। कोविड के तीसरे चरण के लिए अंतिम तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने यहां राजा दशरथ मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। बाद में उन्होंने कहा कि 2019 बीच में 100 छात्रों के साथ इस मेडिकल कॉलेज में प्रवेश हुआ था। आठ मेडिकल कॉलेज में छात्रों को प्रवेश देने के लिए शुरू किया गया था। मेडिकल कॉलेज को तैयार करने में एक समय सीमा दी गई थी। 2021 में कोरोना के कारण कोविड अस्पताल के रूप में इसका प्रयोग करना पड़ा। उन्होंने कहा कि अपनी बेहतरीन सेवा यहां पर देने का प्रयास किया। साथ ही इस मेडिकल कॉलेज में आरटीपीसीआर लैब भी बनाई गई है। उन्होंने कहा कि इस मेडिकल कॉलेज में रोजाना 3000 से अधिक जांच करने की क्षमता है। भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए सीएम योगी ने कहा कि इस सत्र में यूपी सरकार ने 9 नए मेडिकल कॉलेज के अप्रूवल लेने के लिए आवेदन किया है। 1947 से 2016 तक 69 वर्षों में केवल 12 मेडिकल कॉलेज बने थे। पिछले 4 वर्ष के दौरान यूपी में 32 नए मेडिकल कॉलेज बना चुके हैं या बना रहे हैं। मेडिकल कॉलेज अच्छी दिशा में आगे बढ़ रहा है। 200 बेड का एक अच्छा अस्पताल यहां खड़ा हो रहा है। इस सत्र में 14 नए मेडिकल कॉलेज भारत सरकार के सहयोग से तैयार किए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular