मोहसिन हिंदुस्तानी
गोण्डा।
नगर पालिका क्षेत्र में रहने वाले लोगों को इस बार जलभराव की समस्या से न जूझना पड़े इसके लिए युद्धस्तर पर काम शुरू हो गया है। सिटी मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता के फरमान पर नगर पालिका की टीम नालों और नालियों की सफाई में जुट गई हैं। सिटी मजिस्ट्रेट श्री गुप्ता ने निर्देशित किया है कि बरसात से पहले हर नाला साफ हो जाना चाहिए वर्ना संबधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि नगर क्षेत्र के कई मोहल्लों और कालोनियों में बरसात में जलभराव की समस्या आती है। इसके कारण लोगों को भारी परेशानी भी उठानी पड़ती है और पालिका की छवि भी प्रभावित होती है। जिसके चलते नगर पालिका प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि युद्धस्तर पर सफाई शुरू करे और सिल्ट तक सफाई हो। केवल ऊपर ऊपर साफ कर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने बताया कि जहां जहां नाले चोक है उन्हें चिन्हित कर ठीक से सफाई की जाये ताकि किसी तरह की दिक्कत न हो। नगर पालिका के इस सफाई अभियान में नाला गैंग अत्याधुनिक मशीनों के साथ सफाई में जुट गया है। अलग अलग वार्डों में टीमें भी लगाई गई है। सिटी मजिस्ट्रेट खुद इसकी मानिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही निरीक्षण भी किया जाएगा। यदि कहीं लापरवाही हुई तो संबधित के विरूद्ध कार्रवाई भी की जाएगी। इसके लिए उन्होंने अधिशासी अधिकारी को भी निर्देश जारी किया है।


