Sunday, February 15, 2026
Homeराज्य सिक्योरिटी गार्ड को गोली मारने के मामले में एक और आरोपित गिरफ्तार

 सिक्योरिटी गार्ड को गोली मारने के मामले में एक और आरोपित गिरफ्तार

नई दिल्ली(हि.स.)। गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित आदित्य मेगा मॉल में सिक्योरिटी गार्ड को गोली मारकर फरार हुए एक और बदमाश को दिल्ली पुलिस के शाहदरा जिले के स्पेशल स्टाफ ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान परवाना रोड, गीता कालोनी, निवासी रमेश उर्फ विक्की उर्फ कानकटा (22) के रूप में हुई है। आरोपित के पास से दो पिस्टल, आठ कारतूस और 400 सीसी एक स्पोर्ट्स बाइक बरामद हुई है।

जांच के दौरान पता चला कि यह बाइक बदमाशों ने दक्षिण-पूर्व दिल्ली के जामिया नगर इलाके से चोरी की थी। आरोपित रमेश ने अपने साथी रहीश व इमरान के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। मामले में गीता कालोनी थाना पुलिस पहले ही रहीश को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस इमरान की तलाश कर रही है।

डीसीपी रोहित मीणा ने बताया कि 29 अगस्त को कुछ बदमाशों ने आदित्य मेगा मॉल में राहुल नामक सिक्योरिटी गार्ड को गोली मार दी थी। गोली लगने से राहुल बुरी तरह जख्मी हो गया। गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की। इस दौरान गीता कालोनी थाना पुलिस ने एक गुप्त सूचना के बाद पहले रहीश को दबोच लिया।

स्थानीय पुलिस के अलावा स्पेशल स्टाफ को भी मामले की जांच में लगाया गया। इस दौरान स्पेशल स्टाफ की टीम को सूचना मिली कि गोली चलाने वाला एक आरोपित आनंद विहार के पास आने वाला है। पुलिस ने मौके पर जाल बिछाकर उसे काबू कर लिया गया। आरोपित के पास से दो पिस्टल, आठ कारतूस व चोरी की एक बाइक बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपित ने बताया कि उसके पास से बरामद पिस्टल को इमरान ने उसे मुहैया करवाया था। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर इमरान का पता लगाने का प्रयास कर रही है। आरोपित रमेश ने बताया कि वह नशे का आदी है। उसके खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस रमेश से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।

अश्वनी/दधिबल

RELATED ARTICLES

Most Popular