Saturday, March 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसावन मास के छठवें सोमवार पर बाबा विश्वनाथ के दरबार में शिवभक्तों...

सावन मास के छठवें सोमवार पर बाबा विश्वनाथ के दरबार में शिवभक्तों की लगी कतार

वाराणसी(हि.स.)। सावन मास के छठवें सोमवार और सावन के शिवरात्रि के दुर्लभ संयोग में काशीपुराधिपति बाबा विश्वनाथ के दरबार में आस्था की अखंड जलधार पावन ज्योर्तिलिंग पर गिर रही है। दरबार में जलाभिषेक और दर्शन पूजन के लिए शिवभक्तों की अटूट कतार लगी हुई है।

सावन के छठे और पुरुषोत्तम मास में बाबा विश्वनाथ के दरबार में मंगला आरती के बाद स्वर्णमंडित गर्भगृह के कपाट खुलते ही शुरू हुआ दर्शन-पूजन का सिलसिला अनवरत जारी है। मंदिर के गर्भगृह के बाहर से ही शिव भक्तों और कांवरियों को झांकी दर्शन मिल रहा है। पावन ज्योर्तिलिंग पर जल चढ़ाने के लिए लोहे के पात्र लगाए गए है। इन पात्रों से होकर गंगाजल और पूजा सामग्री सीधे बाबा के ज्योर्तिलिंग तक पहुंच रही है।

प्रशासन की मानें तो शिव दरबार में दर्शन पूजन करने वाले शिवभक्तों की संख्या एक करोड़ की संख्या को पार कर सकती है। दरबार में शिवभक्तों ने अब तक हर सोमवार को बाबा विश्वनाथ की चल प्रतिमा, गौरी शंकर स्वरूप, अमृत वर्षा स्वरूप, भागीरथी स्वरूप, तपस्यारत पार्वती स्वरूप के श्रृंगार के दर्शन किए हैं। सातवें सोमवार को देवाधिदेव के अर्धनारीश्वर स्वरूप का शृंगार होगा और अंतिम व आठवें सोमवार को बाबा का रुद्राक्ष श्रृंगार होगा।

गंगा में बढ़ाव को देखते हुए सुरक्षा कारणों से ललिता घाट से श्रद्धालुओं का प्रवेश बंद है। जो दर्शनार्थी मैदागिन चौराहा की ओर से आ रहे है। वे गेट नंबर-चार के पास बने चेकिंग पॉइंट से प्रवेश कर मंदिर में पहुंच रहे है। दर्शन के बाद उन्हें नंदू फारिया निकास द्वार से निकाला जा रहा है। जो शिवभक्त गोदौलिया चौराहे की ओर से आ रहे है, वह बांसफाटक से कोतवालपुरा होते हुए ढूंढीराज गणेश चेकिंग पॉइंट से मंदिर में प्रवेश कर रहे है।

सावन माह के छठे सोमवार को महामृत्युंजय, गौरी केदारेश्वर, तिलभांडेश्वर, शूलटंकेश्वर, बीएचयू विश्वनाथ मंदिर सहित सभी प्रमुख शिवालयों में जलाभिषेक के लिए भीड़ उमड़ रही है। चौबेपुर कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव धाम में जलाभिषेक के लिए लाखों श्रद्धालुओं की अटूट कतार लगी हुई है।

श्रीधर/राजेश

RELATED ARTICLES

Most Popular