जालौन(हि.स.)। सावन मास के पहले सोमवार को जिले भर के शिवालयों में बम-बम भोले के जयकारे गूंजे। भक्तों ने पूजा-अर्चना कर घर परिवार की सुख समृद्धि और खुशहाली मांगी। इसके अलावा सुबह से ही शिव मंदिरों में भक्तों का जमावड़ा देखने को मिला।
शहर के नीलकंठ मंदिर, हुल्की माता मंदिर, महाकालेश्वर मंदिर आदि में भक्तों का तांता लगा रहा। इसी तरह कोंच के प्रसिद्ध भूतेश्वर मंदिर, मारकंडेश्वर मंदिर, बख्शेश्वर मंदिर, आनंदेश्वर मंदिर, नायक का मठ मंदिर, पठेश्वर मंदिर, रामकिशुन की बगिया स्थित शिव मंदिर, सिद्धेश्वर मंदिर, स्टेट बैंक स्थित शिव मंदिर, चौबे की गली स्थित शिव मंदिर, पुरानी स्टेट बैंक के पीछे स्थित शिव मंदिर में भक्तों ने अभिषेक कर दीप प्रज्वलित किया और बेलपत्र, धतूरा, पुष्प, गंगाजल, दुग्ध, चीनी, केसर, इत्र, दही, घृत, चंदन, शहद, भांग आदि अर्पित कर शिव स्तुति की। कई भक्तों ने सोमवार को उपवास रखा।
विशाल /राजेश
