Saturday, March 28, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसावन की बहार... सज गए शिवालय व घाट, महादेव के दर्शन को...

सावन की बहार… सज गए शिवालय व घाट, महादेव के दर्शन को उमड़ेंगे श्रद्धालु

– बरसात के मौसम के चलते प्लास्टिक से घेरे गए बिजली के खंभे

– बरियाघाट से गंगा जल भरकर शिवद्वार जल चढ़ाने जाते हैं भक्त

मीरजापुर(हि.स.)। श्रावण मास कृष्ण पक्ष चार जुलाई मंगलवार से आरंभ हो जाएगा। इसमें 10, 17, 24, 31 जुलाई और सात, 14, 21 व 28 अगस्त को सोमवार पड़ रहा है। शिवभक्त बरियाघाट, पक्काघाट व दीवानघाट विंध्याचल से गंगाजल भरकर कांवड़ यात्रा करते हुए शिवद्वार मंदिर घोरावल व जौनपुर में जलाभिषेक करने जाएंगे। इसके मद्देनजर बरियाघाट, श्रीपंचमुखी महादेव सहित अन्य मंदिरों में भी तैयारियां जोरों पर हैं। गंगा घाटों पर महिलाओं के वस्त्र बदलने के लिए अस्थाई चेंजिंग रूम बनाया गया है। साथ ही गंगा में बैरिकेडिंग की गई है। गंगा घाटोें पर प्रकाश की समुचित व्यवस्था की गई है। बरसात के मौसम के चलते प्लास्टिक से बिजली के खंभों को घेरा गया है।

जनपद मीरजापुर का पूरा नगर ही गंगा तट पर बसा है और गंगातट पर शिवालय न हो, यह हो ही नहीं सकता। नगर क्षेत्र के अधिकांश घाटों पर कम से कम दो-तीन शिवालय जरूर हैं। इनकी साफ-सफाई तो श्रद्धालु नियमित करते हैं। सावन के चलते नगर के घाटों संग प्राचीन शिव मंदिरों की सफाई व सजावट का काम जोरों पर चल रहा है। सावन के हर सोमवार व विशेषकर पहले और अंतिम सोमवार को शिव मंदिरों में महिलाओं व कुंवारी कन्याओं की भीड़ उमडेगी। प्रायः सभी महिलाएं व कन्याएं सावन के सोमवार का व्रत रखेंगी, इसलिए इन मंदिरों में साफ-सफाई व रंग-रोगन का काम पूर्ण कर लिया गया है।

मजिस्ट्रेटों की निगरानी में रहेगी कांवड़ यात्रा

सावन माह में मजिस्ट्रेटों की कड़ी निगरानी में कांवड़ यात्रा होगी। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने चार जुलाई से आरंभ होने वाले सावन माह में सुरक्षा और व्यवस्था का कड़े इंतजाम किया है। भक्तों की सुरक्षा के मद्देनजर मजिस्ट्रेट कीे तैनाती कर तीन पालियों में ड्यूटी लगाई है। पहली पाली सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक, दूसरी पाली दोपहर दो बजे से रात्रि 10 बजे तक तथा तीसरी पाली में रात्रि 10 बजे से सुबह छह बजे तक ड्यूटी रहेगी। मीरजापुर शहर बरियाघाट से बरकछा सदर सीमा तक सहायक अभियंता रामकृत सिंह कुशवाहा, मयंक त्रिपाठी, राहुल यादव, बरकछा से मड़िहान तक सहायक अभियंता मुरारी यादव, रोहित सिंह, किशलय कुमार तथा मड़िहान थाने से ग्राम घुरकर सोनभद्र तक सहायक अभियंता मातेश्वरी, अभिषेक मिश्रा और सुनील मौर्य को पालीवार जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही औचक निरीक्षण के लिए अधिशासी अभियंता वैभव सिंह, अजय कुमार सिंह और दिलीप सोनकर को प्रभारी मजिस्ट्रेट बनाया गया है।

गंगा घाटों पर तैनात किए गए मजिस्ट्रेट

सावन माह में गंगा घाटों पर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसमें से बरियाघाट में डिप्टी आरएमओ धनंजय सिंह, पक्काघाट व दीवानघाट विंध्याचल में बीडीओ सिटी शरद सिंह, बदेवरानाथ मंदिर जिगना में बीडीओ छानबे, कोटारनाथ मंदिर हलिया में बीडीओ हलिया, भंडारी देवी मंदिर चुनार में बीडीओ नरायनपुर और सारनाथ मंदिर गोधना कछवां में बीडीओ मझवां को तैनात किया है। इनके साथ ही पुलिस अधीक्षक संतोष मिश्रा ने सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों को 24 घंटे पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया है।

ड्रोन कैमरे से होगी कांवड़ मार्ग की निगरानी, खुले में मांस बिक्री प्रतिबंधित

सावन माह में कांवड़ यात्रा की निगरानी ड्रोन कैमरे से की जाएगी। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व शिव प्रताप शुक्ला ने बताया कि कांवड़ मार्ग में सुरक्षा के मद्देनजर ड्रोन कैमरे से निगरानी कराई जाएगी। गंगा घाटों पर पीएससी, एसडीआरएफ की टीमों को तैनात किया जा रहा है। इंटरनेट मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रहेगी। अफवाह फैलाने वाले एवं आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खुले में मांस की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

कमलेश्वर शरण/बृजनंदन

RELATED ARTICLES

Most Popular