Thursday, March 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसाले ने पुलिस को फोन करके लगाया जीजा की हत्या का आरोप

साले ने पुलिस को फोन करके लगाया जीजा की हत्या का आरोप

मेरठ (हि.स.)। मेडिकल थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में एक युवक की रविवार देर रात मौत हो गई। मृतक के साले ने पुलिस को फोन करके अपने जीजा की हत्या करने का आरोप लगाया। जब तक पुलिस श्मशान घाट पहुंची तो मृतक का अंतिम संस्कार हो चुका था। परिजनों ने ज्यादा शराब पीने से युवक की मौत होने की बात बताई।

मेडिकल थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर स्थित के ब्लॉक निवासी गौरव की रविवार देर रात मौत हो गई। जिसके बाद गौरव के परिवार वाले उसका अंतिम संस्कार करने के लिए सूरजकुंड स्थित श्मशान घाट पहुंचे। इसके बाद मीरपुर गांव निवासी हिमांशु शर्मा ने मेडिकल थाना पुलिस और डायल 112 को फोन करके बताया कि उसके जीजा गौरव की उसके परिजनों ने जहर देकर हत्या कर दी है और गुपचुप ढंग से उसका अंतिम संस्कार करने श्मशान घाट गए हैं। इस सूचना पर पुलिस तत्काल हरकत में आ गई और आनन-फानन में श्मशान घाट जा पहुंची। तब तक गौरव का अंतिम संस्कार हो चुका था।

पूछताछ में मृतक के परिजनों ने बताया कि गौरव शराब पीने का आदी था और अधिक शराब पीने से गौरव की मौत हुई है। पुलिस मृतक की पत्नी से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि श्मशान घाट पहुंचने तक अंतिम संस्कार हो चुका था। अब मामले की जांच की जा रही है।

डॉ. कुलदीप/राजेश

RELATED ARTICLES

Most Popular