Sunday, March 29, 2026
Homeमनोरंजनसामंथा रुथ प्रभु का छलका दर्द, शेयर किया इमोशनल पोस्ट

सामंथा रुथ प्रभु का छलका दर्द, शेयर किया इमोशनल पोस्ट

साउथ फिल्म इंडस्ट्री में नाम कमाने के बाद बॉलीवुड में अपने दमदार अभिनय की छाप छोड़ने वाली एक्ट्रेस सामंथा रुथ प्रभु इस समय अपने एक फैसले के कारण सुर्खियों में हैं। सामंथा ने अपने करियर को लेकर एक बेहद अहम फैसला लिया है। मालूम हो कि वह एक्टिंग से ब्रेक लेकर अपनी सेहत पर ध्यान देंगी। सामंथा लगभग एक साल से मायोसिटिस से जूझ रही हैं। वह समय-समय पर सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस को इस बारे में और अपनी सेहत के बारे में अपडेट करती रहती हैं। इसके बाद ब्रेक की चर्चाओं के बीच सामंथा की इंस्टाग्राम स्टोरी के एक पोस्ट ने सबका ध्यान खींचा है। इस पोस्ट में उन्होंने पिछले छह महीनों को सबसे कठिन दौर बताया है।

सामंथा ने हाल ही में अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक सेल्फी पोस्ट की। कैप्शन में उन्होंने लिखा, ”यह सबसे लंबे और कठिन छह महीने रहे। आख़िरकार यह ख़त्म हो गया।” सामंथा की इस पोस्ट को पढ़ने के बाद फैंस ने उनके लिए चिंता जाहिर की है। पिछले छह महीने से उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रही हैं। इसके साथ ही उन्हें मायोसिटिस बीमारी के कारण कई समस्याओं का सामना करना पड़ा।

मायोसिटिस ने सामंथा के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाला है। इलाज के बाद जब भी वह मीडिया या कैमरे के सामने आईं तो इसका असर अक्सर उनके चेहरे पर देखने को मिला। इस बीमारी के चलते अब उन्होंने एक्टिंग से ब्रेक लेने का बड़ा फैसला लिया है। वह करीब एक साल तक किसी प्रोजेक्ट पर काम नहीं करेंगी और सिर्फ अपनी सेहत पर ध्यान देंगी। माना जा रहा है कि इसके लिए उन्होंने आने वाली फिल्मों के लिए ली गई एडवांस रकम भी निर्माताओं को लौटा दी है।

सामंथा इस साल कोई भी तेलुगु या बॉलीवुड फिल्म स्वीकार नहीं करेंगी। फिलहाल वह एक्टर विजय देवरकोंडा के साथ फिल्म ”कुशी” की शूटिंग कर रही हैं। यह इस फिल्म की शूटिंग का आखिरी शेड्यूल है और इसे अगले दो से तीन दिनों में पूरा भी कर लिया जाएगा। इसी तरह उन्होंने सीरीज ”सिटाडेल” की शूटिंग भी पूरी कर ली है।

लोकेश चंद्रा/दधिबल

RELATED ARTICLES

Most Popular