बलिया (हि. स.)। रियल एस्टेट व्यवसाय के नाम पर कम्पनी बनाकर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को जिले की पुलिस ने महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। यह खुलासा अपर पुलिस अधीक्षक डीपी तिवारी ने शुक्रवार को पत्रकारों के सामने किया।
उन्होंने बताया कि संजय कुमार चौरसिया, अखिलेश कुमार चौरसिया व मनोज कुमार गुप्ता ने रायल सिम्बल रियल इस्टेट एंड एग्रो टेक कारपोरेशन नाम से एक कम्पनी बनायी थी। जिसमें इन सभी लोगों ने मिलकर सात हजार लोगों का एकाउण्ट खोला था, जिससे प्राप्त लगभग छह करोड़ रुपये से इन तीनों के द्वारा सात जगहों पर जमीन की खरीदारी की गयी थी। जबकि निवेशकों को आश्वासन दिया था कि ब्याज से उन्हें भी हिस्सा देंगे। जब निवेशकों का रुपया वापस नहीं कर पाए तब कम्पनी बन्द कर तीनों भाग गए। इनकी कम्पनी में खाता खोलने वालों ने पिछले साल कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था।
जिसकी जांच की जा रही थी। सर्विलांस के सहारे पुलिस इन तक पहुंच गई। एएसपी ने बताया कि विश्रामबाग पुणे महाराष्ट्र पहुंची जिले की पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर स्वामी समर्थ मंदिर के पास से संजय चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया। वहां के स्थानीय न्यायालय में पेश करते हुए ट्रांजिट रिमांड बनवाकर गुरुवार को लाया गया। गिरफ्तार संजय कुमार चौरसिया पुत्र रामयश चौरसिया फेफना थाने के अगरसंडा का निवासी है। बाकी आरोपितों की तलाश की जा रही है।
एन पंकज/सियाराम
