मुुरादाबाद(हि.स.)। जनपद के थाना ठाकुरद्वारा क्षेत्र निवासी छात्रा के खाते से साइबर ठग द्वारा उड़ाए गए ₹22,996 के मामले में एसएसपीके आदेश पर रविवार को मुकदमा दर्ज हो गया।
साइबर ठगी का शिकार हुई छात्रा सविता कुमारी ठाकुरद्वारा थानाक्षेत्र के गांव उस्मानपुर की रहने वाली है। छात्रा के मुताबिक उसने चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी मेरठ से बीएड किया था। उसकी मार्कशीट में अनुपस्थिति दर्ज हो गई थी। उसने मार्कशीट संशोधित कराई थी। संशोधित मार्कशीट कोरियर से आनी थी। छात्रा ने बताया कि 20 जून को उसके पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को कोरियर कंपनी का कर्मचारी बताया। कोरियर से मार्कशीट आनी थी, इसलिए उसने ज्यादा पूछताछ भी नहीं की। इसी बीच आरोपी ने छात्रा से कहा था कि पांच रुपये सर्विस चार्ज जमा करने होंगे। इसके बाद उसने पांच रुपये जमा करने के लिए एक लिंक भेज दिया। छात्रा ने लिंक पर क्लिक किया तो उसके खाते से 22,996 रुपये साफ हो गए थे।
पीड़िता ने इस संबंध में शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल को शिकायती पत्र दिया था जिसके बाद एसएसपी ने ठाकुरद्वारा थाना प्रभारी को केस दर्ज करने के आदेश दिए थे। रविवार को पीड़ित छात्रा की तहरीर पर अज्ञात युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
निमित जायसवाल
