कुशीनगर(हि.स.)। भाजपा की वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने रविवार को एक चुनावी जनसभा में कहा कि समृद्धि की देवी माता लक्ष्मी कभी साइकल, हाथ और हाथी पर नहीं बल्कि कमल पर आती हैं। दस मार्च को भी वह कमल पर आसीन होकर आएंगी। प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। हम सभी को केवल मतदान के दिन तीन मार्च को कमल का बटन दबाना है।
स्मृति ईरानी ने कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र के टेकुआटार में भाजपा प्रत्याशी पीएन पाठक के समर्थन में आयोजित जनसभा में कहा कि इस बार लक्ष्मी आएंगी तो वह अपने साथ समृद्धि एवं विकास की सौगात लेकर आएंगी। होली एवं दीपावली पर दो-दो फ्री गैस सिलेंडर, मेधावी बेटियों को मुफ्त स्कूटी, सिंचाई के लिए किसानों को फ्री बिजली हमारी सरकार देगी। उन्होंने कांग्रेस व सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि साइकल और हाथ आतंकवादी गतिविधियों को संरक्षण देते हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा ने जिसे पंजाब कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया वह पाकिस्तान के सेनापति की सराहना करता है और इमरान से जाकर मिलता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने समान रूप से उत्तर प्रदेश का विकास किया है। कुशीनगर एयरपोर्ट इसका जीता जागता उदाहरण है। जो कार्य सपा, कांग्रेस और बसपा नहीं कर पाईं वह भाजपा ने करके दिखा दिया।
ईरानी ने कहा कि हमने मेडिकल कालेज दिया, पेंशन दिया, एम्स एवं फर्टिलाइजर दिया, हमने राम मंदिर भी बनाया इसलिए सरकार भी हम ही बनाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सामान्य गरीब परिवार के लोगों का संगठन है। पार्टी का कार्यकर्ता, प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प देश नहीं झुकने दूंगा, देश नहीं बिकने दूंगा और समाज नहीं टूटने दूंगा को ध्येय बनाकर कार्य कर रहा है। घर-घर सम्पन्नता आए इस भावना से कार्य कर रहा है। इस नाते उत्तर प्रदेश में पुनः भाजपा की सरकार बननी जरूरी है ताकि शेष कार्य पूरे किए जा सकें।
गोपाल
