–कुशीनगर के सुनील ने 20600 किमी दूरी तय की, दक्षिणी अफ्रीका भी जायेंगे
कुशीनगर (हि.स.)। गांव रहसू जनेबीपट्टी के एक युवक सुनील कुशवाहा साइकिल से देश के 29 राज्य घूम कर सोमवार को गांव पहुंचा। सुनील ने इस दौरान 20 हजार 600 किमी दूरी तय की। यात्रा में कुल 16 माह 28 दिन का समय लगा। गांव पहुंचने पर लोगों ने सुनील का फूल मालाओं से जबरजस्त स्वागत किया। युवकों में सुनील के साथ फोटो खिंचवाने की होड़ मच गई। सुनील का अगला लक्ष्य साइकिल से दक्षिणी अफ्रीका घूमने का है।
गांव के बिक्रमा कुशवाहा के पुत्र सुनील 25 जुलाई 22 को देश में पर्यावरण व जलवायु संरक्षण गाय को राष्ट्र माता घोषित किए जाने का संदेश देने के लिए साइकिल में तिरंगा लगाकर भारत यात्रा पर निकले थे। सुनील ने लोगों से यात्रा के अनुभव साझा किया। बताया कि यात्रा के दौरान अलग-अलग राज्य की अलग-अलग संस्कृतियों से परिचित हुआ। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान कई कठिनाइयों से जूझना पड़ा। पूरे यात्रा के दौरान कहीं भी प्रशासन या स्वयंसेवी संगठनों का सहयोग नहीं मिला। आम जनता का भरपूर प्यार व सहयोग मिला। युवक का लक्ष्य दक्षिण अफ्रीका के क्लिमजारों पर्वत पर जाकर तिरंगा लहरा कर गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में नाम दर्ज कराना है।
सुनील के गांव पहुंचने पर प्रधान प्रतिनिधि मार्कण्डेय प्रसाद, पूर्व प्रधान अरविंद सिंह, बीके सूरज कुमार, रविन्द्र शर्मा आदि शामिल रहे।
गोपाल
