-राज्यमंत्री ने पियरी वेद भवन में क्षेत्रीय नागरिकों के साथ किया योग
वाराणसी (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सोमवार को उत्तर प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति, धर्मार्थ कार्य एवं प्रोटोकॉल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. नीलकंठ तिवारी ने अपने निर्वाचन क्षेत्र के पियरी स्थित वेद भवन में क्षेत्रीय नागरिकों के साथ योगाभ्यास किया। इस दौरान राज्यमंत्री ने लोगों को योग के फायदे बताए तथा प्रतिदिन योग करने का आग्रह किया।
मंत्री ने बताया कि कोरोना महामारी से निबटने में सम्पूर्ण भारत में योग क्रिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि योग का अर्थ है जुड़ना, मन को वश में करना और वृत्तियों से मुक्त होना। सदियों पहले महर्षि पतंजलि ने मुक्ति के आठ द्वार बताए, जिन्हें हम ‘अष्टांग योग’ कहते हैं। मौजूदा दौर में हम अष्टांग योग के कुछ अंगों जैसे आसन, प्राणायाम और ध्यान को ही जान पाए हैं।
राज्यमंत्री ने कहा कि योग याज्ञवल्क्य संहिता में प्राण और अपान के प्रति सजगता के संयोग को प्राणायाम बताया है। उन्होंने बताया कि सांस की डोर से हम तन-मन दोनों को साध सकते हैं। हठयोग ग्रंथ कहता है ‘चले वाते, चलं चित्तं’यानी तेज़ सांस होने से हमारा चित्त-मन तेज़ होता है और सांस को लयबद्ध करने से चित्त में शांति आती है। सांस के प्रति सजगता से सिद्धार्थ गौतम ने बुद्धत्व को साधा। वहीं, गुरु नानक ने एक-एक साँस की पहरेदारी को परमात्मा से जुड़ने की कुंजी बताया।
इसी क्रम में नमामि गंगे के सदस्यों ने दरभंगा घाट पर स्वच्छता अभियान के बाद योगाभ्यास किया। टीम की महिला और पुरुष सदस्यों ने ॐ का उच्चारण, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भुजंगासन, पवनमुक्तासन, वृक्षासन और शंख बजाकर स्वस्थ मन, स्वस्थ शरीर, आनंदपूर्ण जीवन के लिए योग को आधार बनाने की अपील की।
संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि योग संपूर्ण स्वास्थ्य का विज्ञान है। यह हिन्दू जीवन दृष्टि का शोध और बोध है। काशी ने पूरे विश्व को योग का अमृत प्रदान किया है। योग का आविर्भाव भी गंगा तट पर ही हुआ है। योग हमें स्वस्थ जीवन जीने की कला सिखाता है। इसमें शिवदत्त द्विवेदी, शिवम अग्रहरी, रामप्रकाश जायसवाल, सोनी चौरसिया, प्रीति जायसवाल, रश्मि साहू सारिका गुप्ता, पुष्पलता वर्मा, अंजली उपाध्याय, सोनू, दिलीप जायसवाल, भावना गुप्ता आदि शामिल रहे।
सांस के प्रति सजगता से सिद्धार्थ गौतम ने बुद्धत्व को साधा : नीलकंठ तिवारी
RELATED ARTICLES
