मेरठ (हि.स.)। भाजपा नेता से सिपाही द्वारा अभद्रता के विरोध में मंगलवार को सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कोतवाली में जमकर हंगामा किया। इस दौरान बदसलूकी करने के आरोपित सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
भाजपा के महानगर उपाध्यक्ष और पूर्व पार्षद नरेंद्र उपाध्याय कोतवाली थाना क्षेत्र के पूर्वा अहिरान में रहते हैं। वे सोमवार देर रात स्कूटी पर अपने घर के बाहर खड़े थे। तभी कोतवाली में फैंटम पर तैनात सिपाही उनके घर पहुंचा और आरोप लगाया कि इस स्कूटी से कुछ गलत काम हुआ है। सिपाही ने स्कूटी को कोतवाली ले जाने की बात कही तो भाजपा नेता ने उन्हें रोका। इस पर सिपाही ने नरेंद्र उपाध्याय के साथ अभद्रता की। थोड़ी ही देर में वहां लोग इकट्ठा हुए तो सिपाही वहां से फरार हो गए। इसके बाद भाजपा नेता अपने साथियों के साथ स्कूटी लेकर कोतवाली पहुंचे और जमकर हंगामा किया। उन्होंने कहा कि पुलिस अवैध वसूली के चक्कर स्कूटी को कोतवाली में ला रही थी, जबकि स्कूटी से कोई गलत काम नहीं हुआ है। यह स्कूटी उनकी है।
मंगलवार को भाजपा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता फिर से कोतवाली पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। भाजपा नेताओं ने पुलिस पर अवैध वसूली करने के आरोप लगाए। भाजपा नेता ने आरोपित सिपाही के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी।
सांसद के कोतवाली पहुंचने की सूचना पर सीओ कोतवाली अमित राय मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई का आश्वासन दिया। सीओ कोतवाली के अनुसार, पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
कुलदीप/मोहित
