Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसांसद पुत्र के नाम पर पैसा वसूलने वाला गिरफ्तार, जेल

सांसद पुत्र के नाम पर पैसा वसूलने वाला गिरफ्तार, जेल

जौनपुर (हि.स.)। मछलीशहर संसदीय क्षेत्र के भाजपा सांसद बीपी सरोज के पुत्र प्रमोद कुमार सरोज के नाम पर लाखों रुपये वसूली करने वाले ठग को मंगलवार की दोपहर ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया।
जयपालपुर गांव निवासी दिनेश गौतम पर आरोप है कि वह सांसद के पुत्र प्रमोद कुमार सरोज का नाम बताकर कई लोगों से पैसे वसूल कर लिया। अपने ही गांव के निवासी भट्टा मालिक जीतलाल को कई बार फोन कर कहता था कि सांसद के पुत्र को जमीन खरीदना है, इसलिए उन्हें पैसे की आवश्यकता है। विश्वास जमाकर जालसाज ने ईंट भट्ठा मालिक से एक लाख से अधिक रुपये ले लिया। इसी तरह से आरोपित ने अन्य कई लोगों को फोन कर पैसे की वसूली की। पकड़े जाने पर पुलिस के सामने उसने ईंट भट्टा मालिक व अन्य लोगों से वसूली की बात स्वीकार की। ग्रामीणों उसे पकड़ कर सांसद आवास मादरडीह लेकर पहुंचे। सांसद के आवास पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और सारी बात बताई। सांसद बीपी सरोज ने इसकी सूचना एसपी सहित थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह को दिया। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस सम्बंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि सांसद की सूचना पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया और आवश्यक लिखा पढी कर उसे जेल भेज दिया गया है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular