Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसांसद, कमिश्नर और डीएम ने सैकड़ों लोगों संग किया योगाभ्यास

सांसद, कमिश्नर और डीएम ने सैकड़ों लोगों संग किया योगाभ्यास

बलिया (हि. स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले में हर आम और खास योग क्रियाएं करता नजर आया। मुख्य कार्यक्रम स्टेडियम में हुआ जहां कमिश्नर और डीएम ने हजारों लोगों के साथ योग कर स्वस्थ रहने के संदेश दिए। वहीं सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त अपने आवास पर योग की विभिन्न मुद्राओं में दिखे तो शिक्षण संस्थाओं में भी पूरे मनोयोग से योग दिवस मनाया गया।

मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत व जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में सैकड़ों लोगों के साथ योगाभ्यास किया। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को संदेश देते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए अपनी दैनिक दिनचर्या में योग को जरूर अपनाएं।

डीएम सौम्या अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में अधिकांश लोगों का जीवन तनावपूर्ण अवस्था में गुजरता है, ऐसे में उनके लिए रिलैक्स का सबसे अच्छा माध्यम योग है। योग के माध्यम से हम शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक रूप से भी मजबूत बनते हैं। तमाम तरह की बीमारियों से अपने आप को बचा सकते हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि आज देश ही नहीं, बल्कि पूरा विश्व समझ गया है कि योग स्वस्थ जीवन का रास्ता है। इसलिए योग को किसी अतिरिक्त कार्य के तौर पर नहीं, अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना है। इस अवसर पर सीडीओ प्रवीण वर्मा समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे।

पंकज

RELATED ARTICLES

Most Popular