Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसहारा प्रमुख समेत 18 लोगों पर दर्ज मामले की जांच के लिये...

सहारा प्रमुख समेत 18 लोगों पर दर्ज मामले की जांच के लिये एसआईटी गठित

-तीन सदस्यीय एसआईटी में एसीपी स्वरूप नगर के साथ दो एसआई शामिल

कानपुर (हि.स.)। जनपद में काकादेव थाना अंतर्गत सहारा प्रमुख समेत 18 लोगों पर दर्ज मुकदमे की जांच के लिए पुलिस आयुक्त ने विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) गठित कर दी है। उन्होंने स्वरूप नगर एसीपी के नेतृत्व में तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया है, इसमें दो एसआई भी शामिल हैं। एसआईटी की निगरानी के लिए डीसीपी पश्चिम को लगाया गया है।

कानपुर कमिश्नरेट के काकादेव थाने में सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अजय टंडन ने सुब्रत राय सहारा सहित 18 लोगों पर बोगस कम्पनियां और सोसाइटी बनाकर निवेश के नाम पर आम जनता की गाढ़ी कमाई हड़पने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। मामले में काकादेव थाने में सहारा प्रमुख सहित आरोपित 18 लोगों के खिलाफ पुलिस ने संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

अब इस प्रकरण की जांच के लिए पुलिस आयुक्त असीम अरुण ने तीन सदस्यीय एसआईटी टीम का गठन किया है। पुलिस आयुक्त के मुताबिक, मुकदमे का त्वरित विधिक निस्तारण करने के लिये डीसीपी पश्चिम बीबीजीटीएस मूर्ती द्वारा गठित एसआईटी टीम में एसीपी स्वरूप नगर बृजनारायन सिंह को विवेचक बनाया है। उनके साथ सह विवेचक के रूप में थाना काकादेव से एसआई शेर सिंह, थाना कल्याणपुर से एसआई रामकृष्ण मिश्रा को शामिल किया गया है। एसआईटी टीम ने प्रकरण की गहन जांच बुधवार से शुरू कर दी है। छानबीन में वादी द्वारा दिए गए दस्तावेजों को भी शामिल किया गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular