सहारनपुर । जिले के गंगोह क्षेत्र के गांव शेरमऊ में तीन दिन से टूटी पड़ी उच्च क्षमता की विद्युत लाइन में दौड़ रहे करंट की चपेट में आकर दो मासूम भाइयों की मौत हो गई, उनकी बहन गंभीर रूप से झुलस गई। गुस्साए ग्रामीणों ने दोनों शव खोसपुरा बिजलीघर के सामने रखकर जाम लगा दिया। प्राप्त विवरण के मुताबिक यह हादसा शुक्रवार शाम करीब तीन बजे हुआ और इसमें नलकूप में नहाने के बाद गांव लौट रहे नीरज निवासी शेरमऊ के दो बेटों जीवन (10) और आशु (8) की मौत हो गई। बहन खुशी (13) भी झुलस गई, जिसका सीएचसी पर उपचार चल रहा है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने फोन कर लाइन बंद कराई। ग्रामीणों का आरोप है कि तीन दिन पहले लाइन टूटने के बाद बिजलीघर पर सूचना दी गई थी लेकिन, लाइन नहीं जोड़ी गई। मौके पर पहुंचे तहसीलदार नकुड़ देवेंद्र कुमार और सीओ अरविंद पुंडीर ने जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और उचित मुआवजे का आश्वासन देकर जाम खुलवा दिया।
