मेरठ (हि.स.)। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग एवं जिला प्रशासन के सहयोग से मंगलवार को दिव्यांगों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। सहायक उपकरण पाकर दिव्यांगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने प्रदेश सरकार की प्रशंसा की।
खंड विकास अधिकारी हस्तिनापुर कार्यालय में मंगलवार को कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण योजना के अर्न्तगत निःशुल्क वितरण शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि बाढ नियंत्रण एवं जल शक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने कहा कि दिव्यांगजन अपने आपको अकेला न समझें। सरकार उनके साथ हर कदम पर खड़ी है। सहायक उपकरण पाकर दिव्यांगों के चेहरे खिल गए। उन्होंने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर 68 सहायक व कृत्रिम उपकरणों का वितरण किया गया। राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने कहा कि सरकार द्वारा विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं दिव्यांगों के हित में चलाई जा रही है। सहायक उपकरणों से दिव्यांगों को अपने सामान्य कार्य करने में सहायता प्राप्त होगी। राज्यमंत्री द्वारा विधानसभा क्षेत्र हस्तिनापुर के अंतर्गत आने वाले विकास खण्ड मवाना, हस्तिनापुर एवं परीक्षितगढ के दिव्यांगों को सहायक उपकरणो का निःशुल्क वितरण किया गया। हस्तिनापुर क्षेत्र में पिछले चार वर्षों में 6277 दिव्यांगों को दिव्यांग भरण-पोषण अनुदान (दिव्यांग पेंशन), शादी विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार योजनान्तर्गत एक दिव्यांग दंपत्ति को 20 हजार रुपए की धनराशि, दुकान निर्माण/संचालन योजनान्तर्गत 05 दिव्यांगों को 70 हजार रुपए की धनराशि एवं 422 दिव्यांगों को निःशुल्क कृत्रिम एवं सहायक उपकरण वितरित किए गए। इस अवसर पर दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी अनिल कुमार आदि उपस्थित रहे।
