Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसहकारिता के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश लिखेगा नया इतिहास

सहकारिता के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश लिखेगा नया इतिहास

सहकार भारती के राष्ट्रीय अधिवेशन का उद्घाटन करेंगे अमित शाह

लखनऊ (हि.स.)। सहकारिता के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश नया इतिहास लिखने जा रहा है। 17, 18 एवं 19 दिसम्बर को लखनऊ में हो रहे सहकार भारती के 7वें राष्ट्रीय अधिवेशन का उद्घाटन देश के प्रथम केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे। इस अधिवेशन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

सहकार भारती का राष्ट्रीय अधिवेशन उत्तर प्रदेश में प्रथम बार हो रहा है। इसमें कार्यकर्ताओं के लिए तीन वर्षीय पथदर्शक योजना तैयार होगी। इस अधिवेशन से सहकारिता के पुनरुत्थान के लिए मार्गदर्शन प्राप्त होगा। इस दौरान चार प्रमुख प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष और राष्ट्रीय महामंत्री का निर्वाचन भी होगा। प्रस्तावों में ”सशक्त ग्रामीण सहकारी साख वितरण प्रणाली”, ”सहकारिता के नए आयाम”, ”सहकारिता के लिए उचित परिवेश निर्माण” एवं मा. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का नए सहकारिता मंत्रालय निर्माण के लिए अभिनंदन” शामिल हैं। इसके साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष और राष्ट्रीय महामंत्री के निर्वाचन की प्रक्रिया भी सम्पन्न होगी।

यह जानकारी सहकार भारती के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. उदय जोशी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दीनानाथ ठाकुर ने बुधवार को अधिवेशन के आयोजन स्थल राजकीय पॉलिटेक्निक में आयोजित प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने बताया कि सहकार भारती संगठन 42 वर्षों से सहकारिता के क्षेत्र में कार्यरत है। प्रत्येक तीन वर्ष में इसका राष्ट्रीय अधिवेशन होता है। राष्ट्रीय अधिवेशन के आयोजन का दायित्व उत्तर प्रदेश को प्रथम बार मिला है। इस अधिवेशन में यह भी संयोग है कि प्रथम केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के कर कमलों से इसका उद्घाटन हो रहा है।

राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. उदय जोशी ने पत्रकारों को बताया कि अधिवेशन में सम्पूर्ण भारत से सहकार भारती के दायित्ववान 3,000 कार्यकर्ताओं एवं 500 व्यवस्था के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में यह राष्ट्रीय अधिवेशन हो रहा है। इस अधिवेशन में ”हर कदम-हर डगर सहकारिता की ओर” विषयक विशेष संगोष्ठी भी होनी है। उन्होंने बताया कि, ”सहकारिता क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर विशेष योगदान के लिए सहकार भारती के प्रेरणा पुरुष लक्ष्मण राव ईनामदार स्मृति पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा। अधिवेशन के दूसरे दिन 18 दिसम्बर को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सर कार्यवाह भैयाजी जोशी उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

प्रेसवार्ता में राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. उदय जोशी ने बताया कि इस अधिवेशन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले गणमान्य व्यक्तित्व, सहकारिता विभाग के अधिकारी एवं शिखर संस्थाओं के पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि इन तीन दिवसों के दौरान संगठनात्मक विषय बिंदुओं के आधार पर विविध सत्रों का संचालन होगा।

बृजनंदन

RELATED ARTICLES

Most Popular