Sunday, February 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशससमय हो विंध्य कारिडोर का निर्माण, गुणवत्ता से न हो समझौता :...

ससमय हो विंध्य कारिडोर का निर्माण, गुणवत्ता से न हो समझौता : सुरेश खन्ना

– कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने मां विंध्यवासिनी की चौखट पर नवाया शीश

– निर्माणाधीन विंध्य कारिडोर के कार्यों का नजदीक से परखी गुणवत्ता

मीरजापुर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त, संसदीय कार्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के मंत्री सुरेश खन्ना ने बुधवार को मां विंध्यवासिनी की चौखट पर पहुंच शीश नवाया और आशीष मांगा। साथ ही देश के तरक्की व खुशहाली की कामना की।

विंध्यधाम पहुंचे कैबिनेट मंत्री पुराने वीआईपी मार्ग से सीधे गर्भगृह पहुंचे और मां विंध्यवासिनी का विधिवत दर्शन-पूजन किया। मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन करने के उपरांत मंदिर परिसर पर विराजमान समस्त देवी-देवताओं को नमन किया। दर्शन-पूजन नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने कराया। इसके बाद मंत्री ने मंदिर से ही निर्माणाधीन विंध्य कारिडोर को निहारा और नजदीक जाकर निर्माण कार्यों के साथ गुणवत्ता भी परखी। जिला प्रशासन व कार्यदायी संस्था की तरफ से मंत्री को विंध्य कारिडोर का प्रोजेक्ट दिखाया व समझाया गया।

कैबिनेट मंत्री ने भी बारीक से विंध्य कारिडोर की जानकारी ली और निर्माण प्रगति परखी। उन्होंने कहा कि विंध्य कारिडोर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट है। ऐसे में ससमय निर्माण कार्य पूर्ण करने के साथ गुणवत्ता व फिनिशिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए। इससे समझौता नहीं किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री के आगमन पर मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल डा. मुथुकुमार स्वामी बी. व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने मां विंध्यवासिनी का चित्र भेंटकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।

उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त, संसदीय कार्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग मंत्री सुरेश खन्ना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के नौ साल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उपलब्धियां गिनाने मीरजापुर आए हैं।

कमलेश्वर शरण/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular