– बिना भय के शांतिपूर्ण व्यवस्था में मतदान करने का दिया संदेश
मुरादाबाद (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2022 के मद्देनजर पुलिस व अर्धसैनिक बलों ने गुरुवार को बारिश के दौरान भी जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च के दौरान शांतिपूर्ण व बिना भय के मतदान करने का संदेश दिया गया। विधानसभा चुनाव-2022 के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवानों की तीन कंपनियां मुरादाबाद में कैंप कर रही हैं।
उप्र विधानसभा निर्वाचन 2022, अपराध नियंत्रण, कानून एवं शांति व्यवस्था के मद्देनजर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार के निर्देश पर पुलिस व अद्धसैनिक बलों ने जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। मुरादाबाद के कुंदरकी, बिलारी, भगतपुर, सोनकपुर, मूंढापांडे, भोजपुर आदि थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च हुआ।
इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस सर्किल अधिकारी आदि रहे। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में थाना अध्यक्ष व प्रभारियों के साथ पुलिसकर्मियों ने भी पैदल भ्रमण कर शांति व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।
निमित जायसवाल
