लखनऊ(हि.स.)। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दो से चार की संख्या में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) पदाधिकारी प्रतिदिन निकलकर बूथ स्तर पर प्रचार कर रहें हैं और बूथ का अंकगणित ठीक करने की कोशिश में जुटे हैं। इस दौरान कई स्थानों पर मतदाताओं को सवालों का सामना करना पड़ रहा है तो कहीं लोग उनका स्वागत कर रहे हैं।
बसपा अध्यक्ष मायावती के निर्देश पर पार्टी पदाधिकारियों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में घर-घर जाकर प्रचार करना शुरू कर दिया है। वे मतदाताओं से बसपा के चुनाव चिन्ह हाथी पर मुहर लगाने का आग्रह कर रहे हैं। साथ ही मायावती के शासनकाल में किये गये कार्यों को गिनाकर अपनी स्थिति मजबूत करने में जुटे हैं।
पार्टी के पदाधिकारियों को यह निर्देश दिया गया है कि वे प्रत्येक दिन 10 गांवों में जाकर अपनी बात मतदाताओं के सामने रखें। इस निर्देश के बाद पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता छोटी-छोटी टुकड़ियों में गांव-गांव घूम रहे हैं। जबकि शहरी क्षेत्र में दो से तीन वार्ड में पार्टी का प्रचार कर रहे हैं। इनमें जिला स्तर के पदाधिकारियों से लेकर राज्य स्तर के पदाधिकारी शामिल हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार दूसरी सूची सप्ताह के अंत तक जारी की जा सकती है, जिसमें दूसरे, तीसरे और चौथे चरण के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा होगी।
शरद/अजीत
