– आटो चालक पर सवारियों को लूट कर फरार होने का आरोप
झांसी (हि.स.)। मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में झांसी-खजुराहो राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को तेज रफ्तार सवारियों से भरी आटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना में आटो सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान घायल सवारियों का पैसा लेकर आटो चालक के भाग जाने का आरोप लगा है।
मऊरानीपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत झांसी-खजुराहो राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम टकटोली से हरपालपुर सवारियां लेकर जा रही आटो जैसे ही ग्राम भंडरा के पास पहुंचा, तभी अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना में आटो सवार छह से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें राहगीरों और पुलिस की मदद से 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। घायल सवारी का आरोप है कि आटो चालक घटना के बाद उनका पैसा लेकर भाग निकला है।
आटो सवार घायल देवीदीन ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ भांजी की शादी से वापस लौट रहा था। उसने एक हजार रुपये देकर हरपालपुर के लिए आटो बुक कराई थी। यहां घटना के बाद जब तक वह अपने घायल परिजनों को संभालने में लगा था तब चालक रुपये लेकर भाग गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच कर कार्यवाही शुरू कर दी है।
महेश/मोहित
