Saturday, March 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेश सर्वस्व न्योछावर कर आजादी पाई, अब सर्वस्व योगदान कर विकसित राष्ट्र बनाएंगे...

 सर्वस्व न्योछावर कर आजादी पाई, अब सर्वस्व योगदान कर विकसित राष्ट्र बनाएंगे : मुख्य सचिव

-राष्ट्र के महान सपूतों को याद करने का दिन : मुख्य सचिव

-77वें स्वतंत्रता दिवस के सुअवसर पर मुख्य सचिव ने अपने आवास पर किया ध्वजारोहण

लखनऊ(हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने अपने आवास पर ध्वजारोहण किया। इस मौके पर उन्होंने लोगों से अपील की कि जिस प्रकार से हमने अपना सर्वस्व न्योछावर कर आजादी हासिल की, समय आ गया है कि अब हम अपना सर्वस्व योगदान देकर भारत को विकसित राष्ट्र बनाएं।

उन्होंने कहा कि 15 अगस्त, 2022 से हमारा अमृत काल प्रारंभ हो गया है। यह अमृत काल आगामी 25 वर्ष का है। उन्होंने आजादी मिलने के बाद अमृत काल को भारतीय इतिहास का स्वर्णिम समय बताते हुए कहा कि आगामी 24 वर्षों में देश को विकसित बनायेंगे, ताकि 15 अगस्त, 2047 को जब देश अपनी आजादी की 100वीं वर्षगांठ मना रहा होगा, हमारा देश विकसित हो।

मुख्य सचिव ने कहा कि देश व प्रदेश को विकसित बनाने के संकल्प में हर नागरिक को योगदान देना चाहिए। जिस प्रकार रामायण में गिलहरी का योगदान था। उसी प्रकार से सबका योगदान महत्वपूर्ण होता है। हर एक का देश के विकास में, देश के निर्माण और गौरव में योगदान होता है। यह नहीं सोचना चाहिये कि वह कुछ नहीं कर सकता, जो जहां है, वह वहीं सब कुछ कर सकता है। परिवार को संवार सकता है, आने वाली पीढ़ी को आगे बढ़ा सकता है। पहले लोगों ने सर्वस्व न्योछावर किया था, अब सभी सर्वस्व योगदान करेंगे, जिससे हमारा देश अगले 24 साल के भीतर एक विकसित देश बन सके। हम दुनिया के क्षितिज में चमकते हुये सितारे के रूप में आगे बढ़ेंगे।

उन्होंने कहा कि आज का दिन इसलिये और भी खास हो जाता है, क्योंकि 31 मार्च, 2021 से मा0 प्रधानमंत्री की प्रेरणा से आजादी का अमृत महोत्सव का शुभारंभ किया गया था। उसके बाद लगातार 75 हफ्ते और फिर आगे 50 हफ्ते और बढ़ाया गया। इस तरह से 125 हफ्ते आजादी का अमृत महोत्सव मनाया गया। इस आजादी के अमृत महोत्सव में आजादी के मूल्य को समझने, आजादी को लेकर आगे बढ़ने, देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिये पूरे देश, प्रदेश, हर शहर व गांव में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये। आज आजादी के अमृत महोत्सव का अन्तिम दिन है।

इस अवसर पर प्रमुख स्टॉफ आफीसर अमृता सोनी, स्टॉफ आफिसर दिव्य प्रकाश गिरी, कृष्ण गोपाल, निजी सचिव अम्बरीश सक्सेना सहित मुख्य सचिव कार्यालय के अधिकारी, कर्मचारी, पुलिस कर्मी, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली बच्चे आदि उपस्थित थे।

दिलीप शुक्ल/राजेश

RELATED ARTICLES

Most Popular