Monday, April 13, 2026
Homeव्यापारसर्राफा बाजार : सोना हुआ 57 हजारी, चांदी ने भी लगाई 1009...

सर्राफा बाजार : सोना हुआ 57 हजारी, चांदी ने भी लगाई 1009 रुपये की छलांग

– इस साल 64 हजार तक की नई ऊंचाई पर पहुंच सकता है सोना

नई दिल्ली (हि.स.)। लगातार तीन दिन की कमजोरी के बाद घरेलू सर्राफा बाजार ने शुक्रवार को कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन जबरदस्त दिखाई। सोना आज ऑल टाइम हाई के नये रिकॉर्ड पर पहुंच गया। इस चमकीली धातु की कीमत आज 57 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर को भी पार कर गई। इसी तरह चांदी की कीमत में भी आज 1 हजार रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक की तेजी आई।

लगातार तीन दिन तक करेक्शन की वजह से भारतीय सर्राफा बाजार में गिरावट का माहौल बना हुआ था। गुरुवार को सोना का आखिरी बंद भाव 56,670 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा था। आज इसकी कीमत में प्रति 10 ग्राम 380 रुपये की तेजी आ गई, जिससे ये चमकीली धातु 57 हजार रुपये के स्तर को पार करके नई ऊंचाई 57,050 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गई। आज सोने की अलग-अलग श्रेणी में 380 रुपये प्रति 10 ग्राम से लेकर 222 रुपये प्रति 10 ग्राम तक की तेजी आई।

इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक घरेलू सर्राफा बाजार में आज कारोबारी यानी 24 कैरेट (999) सोने की औसत कीमत 380 रुपये की तेजी के साथ चढ़ कर 57,050 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) हो गई। इसी तरह 23 कैरेट (995) सोने की कीमत भी 379 रुपये की मजबूती के साथ 56,822 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) हो गई। जेवराती यानी 22 कैरेट (916) सोने की कीमत में आज 348 रुपये प्रति 10 ग्राम की उछाल आई।

इसके साथ ही 22 कैरेट सोना 52,258 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) के स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा 18 कैरेट (750) सोने की कीमत आज प्रति 10 ग्राम 285 रुपये तेज होकर 42,788 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) के स्तर पर पहुंच गई। 14 कैरेट (585) सोना आज 222 रुपये मजबूत होकर 33,374 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) के स्तर पर पहुंच गया।

सोना की तरह ही चांदी ने भी आज गिरावट का रास्ता छोड़ तेजी पकड़ ली। इस चमकीली धातु ने चार अंकों में छलांग लगाई। आज के कारोबार में चांदी (999) की कीमत 1,009 रुपये प्रति किलोग्राम की मजबूती के साथ 68,453 रुपये प्रति किलोग्राम (अस्थाई) के स्तर पर आ गई।

मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि अभी गोल्ड मार्केट के लिए वैश्विक स्तर पर अनुकूल माहौल बना हुआ है। इसलिए भारतीय बाजार पर भले ही करेक्शन या मुनाफावसूली का यदा-कदा दबाव पड़े, लेकिन आमतौर पर बाजार में तेजी बने रहने की उम्मीद है। अगर वैश्विक परिस्थितियों में कोई बड़ा उलटफेर नहीं हुआ, तो सोना इसी साल 64 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर तक भी पहुंच सकता है।

योगिता/सुनीत

RELATED ARTICLES

Most Popular