Thursday, April 2, 2026
Homeव्यापारसर्राफा बाजार में लौटी तेजी, सोना-चांदी में तेज उछाल

सर्राफा बाजार में लौटी तेजी, सोना-चांदी में तेज उछाल

– सोना में 575 रुपये और चांदी में 1,872 रुपये की तेजी

नई दिल्ली (हि.स.)। धनतेरस और दिवाली जैसे त्योहार बीतने के बाद आज घरेलू सर्राफा बाजार में अप्रत्याशित तेजी बनती नजर आई। आज मांग में तेजी आने के कारण सोने की अलग-अलग श्रेणियों में 575 रुपये प्रति 10 ग्राम से लेकर 337 रुपये प्रति 10 ग्राम तक की तेजी दर्ज की गई। इसी तरह चांदी की कीमत भी आज 1,872 रुपये प्रति किलोग्राम तक उछल गई। बाजार में आई इस तेजी के कारण सोना आज 50,637 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया, वहीं चांदी ने भी उछल कर 57 हजार रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर को पार कर लिया।

इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक घरेलू सर्राफा बाजार में आज कारोबारी यानी 24 कैरेट (999) सोने की औसत कीमत 575 रुपये की मजबूती के साथ बढ़कर 50,637 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) हो गई। इसी तरह 23 कैरेट (995) सोने की कीमत भी 428 रुपये की उछाल के साथ 50,434 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) हो गई। जबकि जेवराती यानी 22 कैरेट (916) सोने की कीमत में आज 527 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़त दर्ज की गई। इसके साथ ही 22 कैरेट सोना 46,384 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) के स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा 18 कैरेट (750) सोने की कीमत आज प्रति 10 ग्राम 307 रुपये तेज होकर 37,978 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) के स्तर पर पहुंच गई। जबकि 14 कैरेट (585) सोना आज 337 रुपये मजबूत होकर 29,623 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) के स्तर पर पहुंच गया।

सर्राफा बाजार में दिवाली और धनतेरस की खरीदारी खत्म होने के बावजूद आज चांदी की कीमत में भी तेजी का रुख नजर आया। आज के कारोबार में चांदी (999) में 1,872 रुपये प्रति किलोग्राम की मजबूती दर्ज की गई। इस बढ़त के कारण ये चमकीली धातु आज उछल कर 57,427 रुपये प्रति किलोग्राम (अस्थाई) के स्तर पर पहुंच गई।

मार्केट एक्सपर्ट मयंक मोहन के मुताबिक आज के कारोबार में सोने और चांदी की कीमत में आई मजबूती वैश्विक बाजार में हो रही उथल पुथल का संकेत करती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी के कारोबार में लगातार उतार चढ़ाव बना हुआ है। इसका असर भारतीय सर्राफा बाजार पर भी पड़ रहा है। हालांकि भारत में अभी सर्राफा बाजार को त्योहारी खरीद का भी सपोर्ट मिल रहा है, इसके साथ ही जल्द ही भारत में शादी ब्याह का सीजन भी शुरू होने वाला है। जिसके कारण बाजार को निवेशकों से ज्यादा व्यक्तिगत खरीदारी का भी सपोर्ट मिल रहा है। इसके बावजूद आने वाले दिनों में वैश्विक दबाव की वजह से बाजार में तेज उतार चढ़ाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। इसलिए फिलहाल छोटे निवेशकों को सोने चांदी में निवेश करने की अपनी योजना काफी सोच समझ कर बनानी चाहिए।

योगिता/पवन

RELATED ARTICLES

Most Popular