Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसर्राफा बाजार में टप्पेबाजी करने वाला गिरोह पुलिस गिरफ्त में

सर्राफा बाजार में टप्पेबाजी करने वाला गिरोह पुलिस गिरफ्त में

पतियों के साथ मिलकर पत्नियां संचालित करती थीं गैंग

4 महिलाएं व 3 पुरुष गिरफ्तार,माल व नगदी बरामद

झांसी(हि. स.)। कोतवाली थाना पुलिस को आभूषणों की दुकानों पर ग्राहक बनकर टप्पेबाजी करने वाली महिलाओं के गैंग को दबोचने में सफलता मिली है। पुलिस ने गैंग में शामिल तीन पुरुषों व 4 महिलाओं को भी घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पकड़ी गई चार महिलाओं से चोरी के जेवर व नगदी भी बरामद हुई हैं। इस गैंग को महिलाएं अपने पतियों के साथ संचालित करती थीं। गैंग की दो महिलाएं व एक पुरुष अभी फरार बताये जा रहे हैं। गैंग मप्र के ग्वालियर से आकर यहां घटना को अंजाम देता था।

सर्राफा बाजार में ग्राहक बनकर आने वाली महिलाएं कई दुकानदारों को चूना लगा चुकी हैं। एसएसपी राजेश एस. के निर्देशन व कोतवाली प्रभारी तुलसीराम पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम इस गैंग की तलाश में लगी थी। तभी चौकी प्रभारी खंडेरावगेट वीके सिंह को सूचना मिली कि इस गैंग की कुछ महिलाएं आंतिया तालाब के पास मौजूद हैं और किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहीं हैं।

उन्होंने तत्काल चौकी इंचार्ज मिनर्वा ईश्वरदीन साहू व कांस्टेबल रमाकांत, कांस्टेबल शैलेश शुक्ला, महिला कांस्टेबल फरहा खान व कविता के साथ दबिश देकर महिलाओं व उनके साथ मौजूद तीन पुरुषों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि वे सभी ग्वालियर के रहने वाले हैं। बाजारों में ग्राहक बनकर दुकानों से आभूषण आदि चोरी कर वापस ग्वालियर भाग जाते हैं। इससे उन पर किसी को संदेह भी नहीं होता है। पकड़ी गई महिलाओं से लगभग 20 हजार रुपये नगद, चार टॉप्स व पैंडल बरामद हुआ है।

इनकी हुई गिरफ्तारी

पुलिस गिरफ्त में आए गिरोह में पिंकी जाटव व उसकी पत्नी खुशबू जाटव निवासी गोल पहाड़िया ग्वालियर, वीरेंद्र जाटव व उसकी पत्नी बेबी निवासी थाटीपुर ग्वालियर , शंकर जाटव व उसकी पत्नी सीता जाटव थाटीपुर ग्वालियर, किरण जाटव थाटीपुर ग्वालियर मप्र बताए जा रहे हैं। जबकि पुलिस को इस गैंग की निशा जाटव, संगीता जाटव व अजय वर्मा की तलाश जारी है।

महेश

RELATED ARTICLES

Most Popular