– चोरों के कब्जे से 11 लाख 82 हजार रुपये और घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो गाड़ी बरामद
– एसपी ने प्रेस वार्ता कर किया घटना का खुलासा, उत्तराखंड से जुड़े हैं अंतरराज्यीय चोरों के तार
चित्रकूट (हि.स.)। जिले की सदर कोतवाली कर्वी अन्तर्गत सर्राफा की दुकान में बीते 20 दिनों पूर्व हुई करीब 50 लाख की चोरी का पुलिस ने गुरूवार को खुलासा कर दिया है। बहुचर्चित चोरी की घटना में तीन अंतरराज्यीय चोरों को गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्तों के कब्जे से 11 लाख 82 हजार 200 रुपये और घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो गाड़ी को बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक अतुल शर्मा ने आज पत्रकार वार्ता कर सर्राफा दुकान में हुई चोरी का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बीती 20 मई को कर्वी थाना क्षेत्र अंतर्गत सुनील कुमार सुहाने पुत्र दुर्गा प्रसाद निवासी पुरानी बाजार ने सूचना दी कि अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान का शटर तोड़कर तिजोरी चोरी कर ली है। जिसमें करीब 25 किलो चांदी, सोने के जेवरात व नगदी थी। इस सूचना पर थाना कोतवाली कर्वी में मु0अ0सं0 197/2022 धारा 457/380 भादवि0 बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं घटना के खुलासे के लिए अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार राय, क्षेत्राधिकारी प्रशिक्षु हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में एसओजी/सर्विलांस प्रभारी एवं प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली कर्वी की संयुक्त टीम को लगाया गया। स्वाट प्रभारी एवं कोतवाली कर्वी पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर इमामगंज बाजार के पास थाना कोखराज जनपद कौशाम्बी से पुलिस टीम ने चोरी की घटना में संलिप्त 03 अंतरराज्यीय चोरों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम की पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त राजसिंह ने बताया कि सर्राफा दुकान में की गई चोरी में पकड़े गए भंडी उर्फ राजूराय व जनरेल के अलावा मेरा बड़ा भाई यशवंत सिंह पुत्र जगतार सिंह निवासी बनौसी थाना खटीमा जिला ऊधमसिंह नगर उत्तराखंड व ममेरा भाई जसविंदर सिंह उर्फ बिटटू निवासी गोविंद कॉलोनी ग्राम झंगोला थाना अलीपुर पुरानी दिल्ली भी साथ में थे। सर्राफा दुकान से चोरी की गयी तिजोरी को कर्वी से सतना जाने वाली सड़क कर्वी से करीब 25 किमी0 सतना की ओर वन विभाग के बैरियर से आगे जंगल में गाड़ी से तिजोरी उतारकर उसको तोड़कर उसमें रखा हुआ लगभग 25 किलोग्राम चांदी व 200 ग्राम सोने के जेवरात मिले थे, जिसे बैग में लेकर तिजोरी को वहीं जंगल में छोड़कर अपने घर उत्तराखंड चले गए थे। चोरी में मिले जेवरात को मेरा बड़ा भाई यशवंत सिंह व बिटटू ले गए थे। मुझे हिस्से में 08 लाख रूपये, भंडी उर्फ राजूराय व जनरेल को 02-02 लाख रूपये मिले थे।
गिरफ्तार करने वाली टीम में एसओजी/सर्विलांस प्रभारी एम0पी0 त्रिपाठी, मुख्य आरक्षी राजबहादुर सिंह, रईश खान,आरक्षी आदित्य कुमार, शरद कुमार सिंह, सर्विलांस सेल के जितेंद्र कुमार, रोहित कुमार सिंह, आरक्षी आशीष कुमार, कोतवाली कर्वी पुलिस टीम के प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कर्वी राजीव कुमार सिंह, चौकी प्रभारी सीतापुर प्रवीण कुमार सिंह, आरक्षी शिवम गुप्ता, गोलू भार्गव आदि शामिल रहें।
रतन
