लखनऊ (हि.स.)। समाजवादी पार्टी ने लखनऊ के अन्य सभी सीटों की घोषणा कर दी है लेकिन आज भी उसने सरोजनीनगर विधानसभा सीट पर प्रत्याशी की घोषणा न कर भाजपा की उलझनें बढ़ा दी है। सरोजनीनगर एक ऐसी सीट है, जहां प्रदेश सरकार की मंत्री स्वाती सिंह व उनके पति तथा भाजपा ज्वाइनिंग कमेटी के सदस्य दया शंकर सिंह दोनों दावेदार हैं। इसको लेकर भाजपा संगठन काफी उलझा हुआ है। इसके अलावा भाजपा के एक मंत्री सहित कई लोग भाजपा के प्रत्याशी बनने के लिए लाइन लगाए हुए हैं।
समाजवादी पार्टी लखनऊ की नौ विधानसभा सीटों में से दो सीटों पर प्रत्याशी पहले ही घोषित कर चुकी थी। मंगलवार को लखनऊ की छह विधानसभा सीटों पर भी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी घई लेकिन सरोजनीनगर विधानसभा सीट के लिए घोषणा नहीं की। अभी कुछ दिन पहले ही दया शंकर सिंह ओम प्रकाश राजभर से भी मिले थे। इसके बाद ओम प्रकाश राजभर ने वक्तव्य दिया कि वे सपा से टिकट मांगने के लिए आये थे। उस समय भी दया शंकर सिंह ने मीडिया में आकर ओम प्रकाश राजभर की बात पर प्रतिक्रिया नहीं दी थी।
उपेन्द्र
