लूट के जेवर और नगदी बरामद, बदमाश के पैर में लगी गोली
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिले के इटियाथोक थाने की पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने आज तड़के एक मुठभेड़ में दो दिन पूर्व एक सराफा व्यापारी के साथ हुए लूट का खुलासा करते हुए 25 हजार रुपए के इनामिया व हिस्ट्रीशीटर पारसनाथ को लूटे गए जेवर, नगदी और अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार किया है। बदमाश को पैर में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए स्थानीय चिकित्सालय ले जाया गया है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने आज यहां बताया कि कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के कंधरा तेजी गांव निवासी शेष नारायन सोनी जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र के अन्तर्गत नरौरा भर्रापुर में सराफा की दुकान चलाते हैं। बीती शुक्रवार की रात वह अपनी दुकान बंद करने के बाद बेटे दीपू के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में नरौरा भर्रापुर रेलवे क्रासिंग के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और तमंचे से धमकाकर 70 हजार रुपए नकद व करीब 11 लाख रुपए के जेवर से भरा बैग लेकर फरार हो गए। व्यापारी ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ स्थानीय थाने पर अभियोग दर्ज कराया था। एसपी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए उन्होंने इटियाथोक थाने की पुलिस व एसओजी को जिम्मेदारी सौंपी थी। सोमवार को तड़के क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई, जिसमें पैर में गोली लगने से एक बदमाश पारसनाथ घायल हो गया। वह 25 हजार रूपए का इनामी बदमाश है। एसपी ने बताया कि अभियुक्त के पास से लूट के जेवर व नगदी, एक अदद अवैध तमंचा, 02 जिंदा व 04 खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल, मोबाइल फोन आदि बरामद कर लिया गया है। बदमाश का स्थानीय अस्पताल में उपचार चल रहा है।
