मेरठ (हि.स.)। उत्तराखंड स्थित केदारनाथ में आयोजित कार्यक्रम का शुक्रवार को प्रमुख शिव मंदिरों में सीधा प्रसारण किया गया। मेरठ के औघड़नाथ मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में सांसद राजेन्द्र अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश व केन्द्र सरकार प्रत्येक वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को केदारनाथ चार धाम यात्रा व विकास कार्यों से जुड़ी विभिन्न योजनाओ का लोकार्पण व शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने केदारनाथ में आदिगुरू शंकराचार्य की प्रतिमा व समाधि का अनावरण किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि केदारनाथ के कण-कण में ऊर्जा व आशीर्वाद है। उनके दर्शन से नई ऊर्जा मिलती है। आज का भारत आदि गुरू शंकराचार्य जैसी महान विभूतियों की प्रेरणा पर चल रहा है। आदि गुरू शंकराचार्य ने चारों धामों व मठों की स्थापना की और भारत व भारतीयता को पहचान दी। चार धाम यात्रा मार्ग को हाईवे से जोड़ा जा रहा है। इस पर तेजी से कार्य चल रहा है।
मेरठ के औघड़नाथ मंदिर में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इससे पहले सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि सरकार हर वर्ग को पहुंचा रही योजनाओ का लाभ पहुंचा रही है और लोगों के कल्याणार्थ कार्य कर रही है। चार धाम मार्ग को हाई-वे से जोड़ने का अभूतपूर्व कार्य किया जा रहा है। चार धाम मार्ग को भी सुदृढ़ बनाया जा रहा है, जिससे चार धाम यात्रा और सुगम होगी।
कार्यक्रम के बाद सांसद राजेन्द्र अग्रवाल, एमएलसी अश्विनी त्यागी, सुरेश जैन रितुराज, महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, मंदिर समिति के अध्यक्ष डॉ. महेश बंसल, अपर जिलाधिकारी नगर दिवाकर सिंह आदि ने मंदिर में जलाभिषेक किया। प्राचीन महादेव झारखंडी महादेव साहपुर जदीद सरधना में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, पाण्डेश्वर मंदिर हस्तिनापुर में जलशक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
