Saturday, February 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसरकार ने 20 कृषि विज्ञान केंद्र और नई चीनी मिलों को खोलने...

सरकार ने 20 कृषि विज्ञान केंद्र और नई चीनी मिलों को खोलने का काम किया: सूर्यप्रताप शाह

देवरिया(हि.स.)। मोदी सरकार व प्रदेश की योगी सरकार किसानों की आय को दोगुना करने के संकल्प पथ पर कार्य कर रही है।

उक्त बातें कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने शनिवार को कही। वह पथरदेवा व विकास खण्ड देसही के अन्तर्गत भटनी दादन व पिपरादौला में उ०प्र०राज्य निर्माण एवं श्रम विकास सहकारी संघ द्वारा कृषि विभाग के 250 एम.टी. क्षमता वाले कृषि बीज केंद्र के भूमि पूजन व शिलान्यास कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल रहे।

कहा कि उत्तर प्रदेश में 2017 में भाजपा सरकार बनते ही कैबिनेट की पहली बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 86 लाख किसानों का 36 हजार करोड़ रुपए कर्ज माफी का ऐतिहासिक कार्य किया गया। 1.44 लाख करोड़ रुपये गन्ना किसानों का भुगतान, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि द्वारा प्रदेश में किसानों के खाते में 37,521 करोड़ की धनराशि अब तक भेजी जा चुकी है। 20 आधुनिक कृषि विज्ञान केंद्रों तथा नयी चीनी मिलों को खोलने का काम किया गया है।

यूपीसीएलडीएफ के चेयरमैन वीरेन्द्र तिवारी ने कहा कि सपा-बसपा सरकारों में बेरोजगारी दर 17.5 प्रतिशत थी, जबकि प्रदेश में भाजपा सरकार में 4.5 लाख से अधिक युवाओं व महिलाओं को रोजगार, 3.5 युवाओं को संविदा पर नियुक्ति, 82 लाख एमएसएमई इकाईयों के माध्यम से प्रदेश के 2 करोड़ से अधिक नागरिकों को रोजगार, एक जनपद एक उत्पाद योजना के तहत 25 लाख नागरिकों को रोजगार, उप्र के ग्रामीण क्षेत्रों में 150 करोड़ से अधिक श्रमिकों को मनरेगा के तहत रोजगार दिया गया।

कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों व भू-माफियाओं पर कड़ी कार्यवाही करते हुए उप्र की सरकार ने 1,866 करोड़ से अधिक सम्पत्ति जब्त करने की कार्रवाई और गरीबों की जमीन कब्जाने वालों पर बुलडोजर चलाने का काम किया गया।

सदर सांसद डा. रमापतिराम त्रिपाठी ने कहा कि अयोध्या, काशी, कुशीनगर, मथुरा, चित्रकूट सहित हमारे सांस्कृतिक व आध्यात्मिक गौरव के प्रतीक स्थलों की ओर तुष्टिकरण की राजनीति में उलझी सपा-बसपा,कांग्रेस की सरकारों ने कभी झांकने तक की कोशिश नहीं की। आज, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर से लेकर श्रीराम मंदिर के निर्माण तक का संकल्प साकार हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जहां विश्व में सर्वाधिक वैक्सिनेशन का रिकार्ड बना है, वहीं यूपी भी वैक्सिनेशन व कोविड टेस्टिंग में देश में नंबर वन है।

इस दौरान विजय श्रीवास्तव, आशुतोष सिंह, डा.प्रवीण निखर, रमेश सिंह, राधेश्याम शुक्ला उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular